आगरालीक्स…आगरा में बढ़ने लगा यमुना का जलस्तर, कहां दिखता है सबसे पहले असर और क्या है लो फ्लड लेवल ? पढें
आगरा में यमुना का जलस्तर अब बढ़ने लगा है। हालांकि अभी यह बढ़ोत्तरी मामूली है लेकिन बताया जा रहा है कि पहाड़ों और देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश का असर जल्द ही पूरी तरह नजर आने लगेगा। फिलहाल दिल्ली में यमुना का जलस्तर काफी बढ़ गया है। आने वाले कुछ दिनों में मथुरा और आगरा में भी यमुना का जलस्तर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। बता दें कि आगरा में यमुना नदी का "लो फ्लड लेवल" 495 फीट और "हाई फ्लड लेवल" 508 फीट है। बारिश में और इसके बाद हर साल यमुना के जलस्तर में बढ़ोत्तरी दर्ज की जाती है। जुलाई और अगस्त के महीनों में ऐसा अक्सर देखने को मिलता है। कई वर्ष तो यह जलस्तर बढ़कर खतरे के निशान के इतना निकट पहुंच जाता है कि लोगों की धड़कनें बढ़ जाती हैं। यमुना किनारे रहने वालों पर इसका असर सबसे पहले नजर आता है। आगरा में सबसे पहले कैलाश घाट, दयालबाग, सिकंदरपुर में यमुना किनारे की फसलों के जलमग्न होने से खतरे की शुरूआत होती है। इसके बाद बल्केश्वर, जीवनी मंडी, कचहरी घाट, हाथीघाट सहित यमुना किनारा रोड पर यह खतरा बढ़ता है।