आगरालीक्स…आगरा में दर्दनाक हादसा. एक्सीडेंट में छोटे भाई की मौत, बड़ा भी हुआ घायल…
आगरा में दर्दनाक हादसा हुआ है. बुधवार को सिकंदरा मंडी से फलों से लदा टैम्पो से घर वापस लौट रहे दो भाइयों का सिकरारा मोड़ के पास एक्सीडेंट हो गया. टैम्पो पलटने से एक भाई नीचे दब गया तो दूसरा छिटककर खाई में जा गिरा. हादसे में टैम्पो के नीचे दबे छोटे भाई की मौत हो गई जबकि बड़ा भाई घायल है और उसका इलाज चल रहा है.
फतेहाबाद थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर में रहने वाला आकाश गुप्ता बुधवार को अपने बड़े भाई अंकित गुप्ता के साथ सिकंदरा मंडी आया हुआ था. यहां से वह किराए का टैम्पो लेकर उसमें फल लादकर घर लौट रहे थे. अंकित टैंपो के पीछे बैठा था और आकाश चालक के पास. सिकरारा गांव के मोड से पहले भट्टे के पास अचानक टैम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में आगे बैठा आकाश टैम्पो के नीचे दब गया जबकि पीछे बैठा अंकित सड़क किनारे खाई में जा गिरा.
आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर टैम्पो के नीचे दबे आकाश को बाहर निकाला और अंकित के साथ अस्पताल पहुंचाया. यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया. अंकित का इलाज चल रहा है. वहीं टैम्पो चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया है. सूचना परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया. परिजनों के अनुसार मृतक आकाश का 4 साल का बेटा और डेढ़ साल की बेटी है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.