आगरालीक्स…(22 November 2021 Agra News) आगरा में लोग सर्दियों में भी पानी के लिए परेशान हैं. आधे शहर की जलापूर्ति ठप है. सिकंदरा से जुड़े बड़े इलाके की जलापूर्ति प्रभावित
पानी की किल्ल्त से लोग परेशान
सर्दियों में पानी की किल्लत ने शहरवासियों को परेशान कर दिया है। कभी किसी कारण तो कभी किसी कारण से आधे शहर की जलापूर्ति ठप हो जाती है। मुख्य समस्या बुलंदशहर के पालड़ा झाल से गंगाजल न मिलने की है। अब एक बार फिर पालड़ा झाल से बहुत कम पानी मिल रहा है, इस कारण आधे शहर की जलापूर्ति प्रभावित हो गयी है। आज सोमवार सुबह भी सिकंदरा जल संस्थान से जुड़े आधे शहर के कई इलाकों में पानी नहीं मिल सका।
शनिवार से हो रही दिक्कत
शनिवार सुबह से पालड़ा झाल से गंगाजल की आपूर्ति कम हो गयी थी। इस कारण शनिवार शाम को कम पानी मिला और कई जगह जलापूर्ति प्रभावित रही। रविवार को पालड़ा झाल से केवल 55 क्यूसेक पानी ही मिल सका जबकि रुटीन में 150 क्यूसेक पानी मिलता है। रविवार को जो पानी मिला उसे सिकंदरा से जीवनी मंडी जल संस्थान भेज दिया गया। जीवनी मंडी पर यमुना जल बहुत कम है। वहां पानी में प्रदूषण वहुत ज्यादा है इसलिए गंगाजल मिलने पर प्राथमिकता जीवनी मंडी के गंगाजल प्लांट को चलाने को दी जाती है ताकि जीवनी मंडी से जुड़े पुराने शहर और यमुना पार, रकाबगंज, ताजगंज और सदर बाजार जैसे इलाकों को पानी की सप्लाई दी जा सके। गंगाजल कम मिलने से जीवनीमंडी जल संस्थान से जुड़े क्षेत्र की जलापूर्ति भी प्रभावित होती है। रविवार को भी कई इलाकों में पानी नहीं मिल सका और यदि मिला भी तो बहुत कम दबाव पर।
कई इलाकों में नहीं हुई पानी की सप्लाई
पालड़ा झाल से गंगाजल कम मिलने की स्थिति में सिकंदरा जल संस्थान पर केवल यमुना जल शोधन प्लांट चलाया जाता है, इससे इस क्षेत्र से जुड़े कई इलाकों की जलापूर्ति प्रभावित हो जाती है। रविवार को लोहामंडी, शाहगंज, बोदला, आवास विकास कालोनी, जगदीशपुरा, शास्त्रीपुरम, खंदारी, हाईवे के किनारे स्थित कालोनियों, लायर्स कालोनी, दयालबाग आदि कई इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रही। शास्त्रीपुरम सहित कुछ इलाकों में जो पानी मिला वह प्रदूषित था। आज सुबह भी इन इलाकों में पानी की आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। आज शाम से पालड़ा झाल से गंगाजल मिलने की उम्मीद जतायी जा रही है। हालांकि जल निगम ने तो आज शाम से जलापूर्ति सुचारू होने की बात कही है लेकिन लेकिन ऐसा लगता नहीं है क्योंकि यदि आज शाम को गंगाजल मिला तो कल यानी मंगलवार को आपूर्ति में सुधार हो सकता है।