आगरालीक्स….. आगरा में विधानसभा चुनाव के लिए 31184 लोग पाबंद किए गए हैं, 11 लोगों पर जिला बदर की कार्रवाई की गई है। वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी है, शस्त्र जमा कराए जा रहे हैं।
आगरा में पहले चरण में चुनाव है। 14 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 21 जनवरी तक नामांकन होंगे। इसके बाद 10 फरवरी को मतदान होना है। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं।

35 हजार से अधिक लोग किए जाने हैं पाबंद
चुनाव में किसी तरह का व्यवधान न हो, इसके लिए पुलिस ने 35 हजार से अधिक लोगों को पाबंद करने के लिए चिन्हित किया है। इसमें से 31184 लोगों को पाबंद किया जा चुका है। ऐसे लोग जो चुनाव में गड़बड़ी कर सकते हैं उन्हें बीट सिपाहियों की रिपोर्ट के आधार पर पाबंद किया गया है। इन्हें हिदायत दी गई है कि चुनाव में गड़बड़ी की तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जबकि 11 लोगों को जिला बदर किया गया है।
17 हजार से अधिक शस्त्र हुए जमा
इसके साथ ही शस्त्र भी जमा कराए जा रहे हैं, अभी तक 17786 शस्त्र जमा हो चुके हैं। 194 पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। 348 वारंटी अरेस्ट किए जा चुके हैं, 126 वारंटी ने कोर्ट में समर्पण कर दिया है।
कराई जा रही चेकिंग
इसके साथ ही चेकिंग शुरू करा दी गई है। जिससे शराब और कैश ले जाने वालों पर कार्रवाई की जा सके। इसके लिए पुलिस की टीमें तैनात की गई हैं।