आगरालीक्स …आगरा में एसएसपी की सख्ती के बाद भी थाने में मुकदमा दर्ज नहीं हो रहा है, एसएसपी ने अपनी जिप्सी से पीडित महिला को भेजा, मुंशी को सस्पेंड कर महिला का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
आगरा में शनिवार को जगनपुर थाना न्यू आगरा निवासी साधना एसएसपी अमित पाठक के कार्यालय पहुंची। साधना ने बताया कि उसके साथ ससुरालीजनों ने मारपीट की है, वह थाने पर पहुंची तो मुकदमा दर्ज नहीं किया और ना ही मेडिकल कराया गया। एसएसपी अमित पाठक ने अपनी जिप्सी से पीडित साधना को थाना न्यू आगरा भेजा, एसएसपी की जिप्सी से पुलिस कर्मी साधना को लेकर थाना न्यू आगरा पहुंचे। यहां मुंशी संजीव अवस्थी द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था। थाने में ही महिला की तहरीर लिखवाई गई, इसके बाद मुकदमा दर्ज कराया गया।
एसपी सिटी की रिपोर्ट पर मुंशी सस्पेंड
एसएसपी ने एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह को मामले की जांच के लिए भेजा, उन्होंने मुकदमा दर्ज न करने में मुंशी संजीव अवस्थी की लापरवाही को मानते हुए रिपोर्ट दी है। महिला से कहा गया कि यह पारिवारिक विवाद है इसलिए मुकदमा दर्ज नहीं होगा। एसएसपी अमित पाठक ने शाम को मुंशी संजीव अवस्थी को सस्पेंड कर दिया।
शाहगंज थाने में किए थे सस्पेंड
इससे पहले एसएसपी अमित पाठक शाहगंज थाने के एसआई सहित तीन पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर चुके हैं। थाने पर मुकदमा दर्ज न होने पर पीडित एसएसपी के पास पहुंचा था, वे पीडित को साथ लेकर अपनी गाडी से थाना शाहगंज पहुंचे। पूछने पर बताया कि मामला आपसी विवाद का था इसलिए मुकदम दर्ज नहीं किया गया। एसएसपी अमित पाठक ने थाने पर आने वाले घायल पीडितों का तुरंत मेडिकल कराकर मुकदमा दर्ज करने के आदेश देते हुए एसआई सहित तीन पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया था, इसके बाद भी पुलिस महकमे में सुधार नहीं हो रहा है।