आगरालीक्स ..आगरा के एसएसपी बबलू कुमार ने सोशल पुलिसिंग के लिए जिले में मुहल्ला सभा की शुरुआत की है। हर थाना क्षेत्र में दो स्थानों पर शाम को पुलिस अधिकारी जा रहे हैं और लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुन रहे हैं। रविवार को सीओ सदर विकास जायसवाल और इंस्पेक्टर सदर कमलेश सिंह ने दो स्थानों पर सभा की। पुलिस अधिकारी शहीद नगर पहुंचे। यहां लोगों को उन्होंने समस्याएं पूछी। किसी ने कॉलोनी के कोने पर खड़े रहने वाले युवकों के बारे में शिकायत की तो किसी ने अतिक्रमण की।
महिलाओं ने कॉलोनी में तेज रफ्तार में बाइकर्स के निकलने की शिकायत की। उन्हें आश्वासन दिया कि शाम को पुलिस गश्त करेगी और ये समस्याएं अब सामने नहीं आएंगी। शाम सात बजे सीओ और इंस्पेक्टर फोर्स के साथ उखर्रा में पहुंचे। वहां भारी संख्या में महिलाएं आ गईं। एक 40 वर्षीय महिला ने अपने पति के शराब पीने की शिकायत की। उसने बताया कि पति एक प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। कमाकर लाते हैं, उसे जुए में हार आते हैं। घर में खाने के लिए राशन भी नहीं होता।