आगरालीक्स…आगरा के माही इंटरनेशनल स्कूल में एबीवीपी के 78वें स्थापना दिवस पर हुए खेल एवं सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम
माही इंटरनेशनल स्कूल में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में "राष्ट्र पुनर्निर्माण में जेन-ज़ी की भूमिका" विषय पर खेल एवं सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एबीवीपी के प्रांत संगठन मंत्री श्री अनुज ठाकुर रहे। उनके आगमन पर विद्यालय परिवार द्वारा बैज, स्वागत कार्ड एवं अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अनुज ठाकुर द्वारा विद्यालय की अंतर सदनीय कैरम प्रतियोगिता का उद्घाटन कर किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने सामाजिक सरोकारों से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। विद्यार्थियों द्वारा 'प्लास्टिक का प्रयोग बंद करें' विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया। इसके उपरांत भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत करता मनमोहक पारंपरिक नृत्य सभी के आकर्षण का केंद्र रहा।मुख्य अतिथि अनुज ठाकुर ने कहा कि राष्ट्र के पुनर्निर्माण में युवा शक्ति, विशेषकर जेन-ज़ी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अनुशासन, सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं भारतीय संस्कारों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा ही विकसित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत का निर्माण करेगा। कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने विद्यालय परिसर में नीम के पाँच पौधे रोपित किए तथा विद्यार्थियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
समारोह के समापन पर विद्यालय की ओर से मुख्य अतिथि अनुज ठाकुर को स्मृति स्वरूप माही स्मृति-चिह्न भेंट किया गया, जबकि सभी विशिष्ट अतिथियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए माही इको-बैग प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन संजय अग्रवाल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना, पर्यावरण संरक्षण एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं तथा उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में एबीवीपी के आगरा विभाग संगठन मंत्री रजत जोशी, प्रान्त Wosy प्रमुख सागर राणा, विभाग संयोजक डॉ ब्रिजेश चतुर्वेदी, जिला संयोजक शुभ शर्मा एवं नगर मंत्री धर्मेन्द्र भगेल उपस्थित रहे।