आगरालीक्स…आगरा के एकलव्य स्टेडियम में पहुंचे डीएम. खुले बिजली के तार मिले. लाइट, प्लास्टर, पंखे और दरवाजे भी मिले खराब. दिये ये निर्देश
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बुधवार को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम का औचक निरीक्षण कर परिसर में संचालित निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों से संबंधित अभिलेख तलब किए तथा संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों, विद्युत उपकरणों, आर्किटेक्ट एवं ठेकेदार को किए गए भुगतान आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने जिम सहित स्टेडियम की विभिन्न खेल सुविधाओं एवं भवनों का निरीक्षण किया। परिसर में खुले विद्युत तार पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने सभी खुले तारों को सुरक्षित रूप से भूमिगत कराने के निर्देश दिए। साथ ही खराब लाइट, प्लास्टर, पंखे एवं दरवाजों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा आवश्यकतानुसार बदलने के निर्देश दिए।महिला एवं पुरुष शौचालयों में फिनिशिंग का कार्य अधूरा पाए जाने पर जिलाधिकारी ने इसे शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। टेबल टेनिस हॉल की दीवारों में सीलन तथा पेंटिंग कार्य अधूरा मिलने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सभी कमियों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से दूर कराने को कहा। उन्होंने फर्श में निर्धारित मानक एवं उच्च गुणवत्ता की टाइल्स तथा अन्य निर्माण सामग्री का ही प्रयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ताइक्वांडो भवन के अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए स्टेडियम के मुख्य परिसर का समग्र कायाकल्प करने, गोल्फ कोर्ट एवं हॉकी मैदान को उत्कृष्ट स्तर पर विकसित करने तथा आवश्यक फुटपाथ का निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शूटिंग रेंज का भी निरीक्षण किया तथा आगामी दिनों में प्रस्तावित निर्माण एवं विकास कार्यों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों को सुव्यवस्थित कार्ययोजना, निर्धारित मानकों एवं उच्च गुणवत्ता के अनुरूप कराए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न किया जाए। उन्होंने निर्माण सामग्री का मौके पर परीक्षण सुनिश्चित कराने तथा गुणवत्ता संबंधी परीक्षण एवं सक्षम स्तर से आवश्यक अनुमोदन के उपरांत ही संबंधित भुगतान एवं अग्रिम कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को स्टेडियम में संचालित सभी निर्माण एवं नवीनीकरण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, उच्च गुणवत्ता के साथ एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम सिविल सप्लाई श्री अजय नारायण, आरएसओ आदि उपस्थित रहे।