आगरालीक्स…आगरा में मेट्रो पहली बार मनकामेश्वर स्टेशन से आईएसबीटी तक चली. 5 किलोमीटर टनल के अंदर से निकलकर हाइवे पर पहुंची मेट्रो. पहला ट्रायल…
साल 2025 के खत्म होने से पहले आगरावासियों के लिए खुशियों का पल तब आया जब उन्होंने हाइवे पर पहली बार मेट्रो को चलते हुए देखा. जिसने भी मेट्रो को देखा वो वहीं रुक गया और उस पल को अपने कैमरे में कैद करने लगा. मंगलवार को आगरा मेट्रो का बिजलीघर स्थित मनकामेश्वर स्टेशन से हाइवे स्थित आईएसबीटी स्टेशन तक पहला ट्रायल किया गया. ट्रायल में मनकामेश्वर यानी बिजलीघर से आईएसबीटी तक मेट्रो पांच से 10 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ी. यह परीक्षण अपलाइन में हुआ जिस पर ट्रैक का काम पूरा हो चुका है. परीक्षण के बाद आधा दर्जन टीमें ट्रैक, सिग्नल सहित अन्य की जांच की गई. वहीं डाउन लाइन पर भी ट्रैक बिछाने का काम लगभग पूरा होने वाला है और जल्द ही इस पर भी मेट्रो का ट्रायल होगा.
इन स्टेशनों से होकर गुजरी मेट्रो
आगरा में मेट्रो का पहला कॉरिडोर टीडीआई मॉल से सिकंदरा के बीच का है. टीडीआई मॉल पर बने ताज पूर्वी मेट्रो स्टेशन से बिजलीघर स्थित मनकामेश्वर स्टेशन तक मेट्रो इस समय संचालित है. इसके आगे के स्टेशन एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी, आरबीएस, आईएसबीटी, गुरुद्वारा गुरु का ताल और सिकंदरा हैं. मंगलवार को ट्रायल मनकामेश्वर से एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी, आरबीएस और आईएसबीटी तक ट्रायल हुआ. आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन अभी अधूरा है लेकिन जहां तक ट्रैक का काम पूरा हो चुका है वहां तक मेट्रो का ट्रायल किया गया. बता दें कि एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी और आरबीएस मेट्रो स्टेशन अंडरग्राउंड हैं जबकि हाइवे पर बाकी के तीन स्टेशन आईएसबीटी, गुरुद्वारा गुरु का ताल और सिकंदरा स्टेशन एलिवेटेड हैं.
क्या होता है ट्रायल रन ?
किसी भी सेक्शन में पहली बार ट्रेन संचालन (यह परखने के लिए की संचालन यात्रियों के लिए सुचारू रूप से किया जा सकता है या नहीं) को ट्रायल रन कहते हैं. आगरा मेट्रो पहली बार मनकामेश्वर स्टेशन के आगे आईएसबीटी तक बिना किसी अवरोध सफलतापूर्वक संचालित की गई. आईएसबीटी से सिकंदरा तक शेष खंड के एलिवेटेड खंड पर सिविल कार्य भी तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। इसी प्रकार, दूसरे कॉरिडोर (आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक) का निर्माण कार्य भी तेजी से किया जा रहा है ताकि परियोजना को समय पर पूरा किया जा सके और आगरा के लोगों को समयबद्ध तरीके से विश्व स्तरीय मेट्रो प्रणाली प्रदान की जा सके.