आगरालीक्स…(वीडियो) आगरा से गई बारात में कपड़े उतरवाकर बाराती का प्रैंक वीडियो बनाने पर हुआ था बवाल. दूल्हे के चचेरे भाई की मौत. 10 के खिलाफ मुकदमा, एक अरेस्ट..
आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र से अलीगढ़ के अतरौली में गई एक बारात में बाराती के कपड़े उतरवाकर प्रैंक वीडियो बनाने पर इतना वबाल हुआ कि एक बाराती युवक की मौत हो गई. मरने वाला युवक दूल्हे का चचेरा भाई था. मारपीट में दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच हुई हिंसक झड़प में 10 अन्य लोग भी घायल हुए हैं. पुलिस ने इस मामले में सीसीटीवी में आए वीडियो के आधार पर 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और एक को अरेस्ट किया है. शादी में मारपीट का सीसीटीवी भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
आगरा से अलीगढ़ गई थी बारात
आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र के सीता नगर में रहने वाले राहुल पुत्र ओमवीर सिंह की बारात शुक्रवार को अलीगढ़ के अतरौली में गई थी. अतरौली क्षेत्र के जगतपुर निवासी रणजीत सिंह की बेटी निशा से उनका विवाह होना था. राहुल नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं तो वहीं निशा एयर फोर्स में तैनात है. बारात धूमधाम से चढ़ी और देर रात करीब 11 बजे समारोह स्थल पर पहुंची थी. वरमाला की रस्म हो रही थी. बारातियों की एक बस आगरा के लिए रवाना भी कर दी गई.
प्रैंक वीडियो बनाने पर हुआ बवाल
दूल्हा पक्ष के अनुसार जयमाला के बाद फेरे व अन्य रस्मों की तैयारी चल रही थी कि तभी घरातियों में शामिल कुछ युवक उनके एक दोस्त को उठाकर ले गए. वो उसे बाहर ले गए और कपड़े उतारकर प्रैंक वीडियो बनाने का दबाव बनाने लगे. मौके पर पहुँचे दूल्हे के चचेरे भाई विनय चौधरी ने उन्हें समझाते हुए ऐसा न करने के लिए बोला. इसी पर आरोपी युवक आक्रोशित हो गए और विनय पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया. उसे बचाने आए दिलीप, सोनवीर, मनवीर, योगेंद्र, अनूप, रामकुमार, अरुण, श्यामवीर सिंह घायल हो गए. बवाल इतना बढ़ गया कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इसी बीच हमलावर फरार हो गए. मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए विनय को अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मातम में बदली खुशियां
हिंसक झड़प के दौरान दूल्हे के चचेरे भाई विनय के सिर की हड्डी टूट गई. शरीर पर कई जगह चोटों के निशान थे. विनय की मौत की खबर देर रात पहुँची तो घर पर दुल्हन की तैयारियों की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं. तीन भाइयो में विनय सबसे छोटा था. संजय प्लेस में एक ट्रेडिंग कंपनी में वह सेल्स मैनेजर था. छ: साल पहले जिला हाथरस से उसकी शादी रेखा चौधरी से हुई थी. दो बेटियां हैं. बड़ी बेटी 4 वर्षीय हिमांशी और 6 माह की मासूम माही. वहीं इसके बाद अलीगढ़ में किसी तरह शादी भी पूरी की गई. शनिवार शाम 4 बजे विनय का शव घर पहुँचा तो गली में चीत्कार मच गई. विनय की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था.
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
जोगेंद्र, उसके बेटे ज्ञान प्रकाश, पुष्पेंद्र, जयंत, गुल्लू उर्फ प्रवीन, अतुल, मनोज, नरेश, विवेक, आकाश व अज्ञात के खिलाफ सीसीटीवी के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है.