आगरालीक्स…देखें वीडियो, आगरा में आवास विकास परिषद की भूमि से अवैध कब्जा हटाया गया. 2300 वर्ग मीटर क्षेत्र की भूमि हुई अतिक्रमण मुक्त..
उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद द्वारा संचालित कस्बा/कमला नगर योजना के अंतर्गत ग्रुप हाउसिंग भूखण्ड संख्या G-H-06/1 पूजा सहकारी आवास समिति लिमिटेड, आगरा को विधिवत रूप से आवंटित है। उक्त भूखण्ड का कुल क्षेत्रफल लगभग 7000 वर्ग मीटर है। पूर्व में भूमि पर कब्जे को लेकर उत्पन्न विवाद के चलते समिति को निर्माण कार्य से रोका गया था तथा मामला माननीय न्यायालय में विचाराधीन रहा। न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में जिला प्रशासन द्वारा कराई गई पैमाइश में लगभग 4300 वर्ग मीटर भूमि विवादमुक्त पाई गई, जिसे परिषद एवं न्यायालयीय निर्देशों के क्रम में आवास समिति को सुपुर्द कर दिया गया। शेष लगभग 2700 वर्ग मीटर भूमि विवादग्रस्त बनी रही।प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल जी. एम. ख़ान द्वारा प्रेषित जानकारी के अनुसार, भूखण्ड स्वामी मनोज गोयल की शिकायत पर जाँच उपरांत विवादग्रस्त भूमि को खाली कराने हेतु दिनांक 09 दिसंबर 2025 को अधीक्षण अभियंता अतुल कुमार के आदेश पर अधिशासी अभियंता अनिल कुमार के नेतृत्व में परिषद के प्रवर्तन दल द्वारा जेसीबी एवं ट्रैक्टर की सहायता से अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 2300 वर्ग मीटर क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। शेष भूमि को कब्जामुक्त कराने हेतु विधिक प्रक्रिया प्रचलित है।
कार्रवाई के दौरान भूमि पर कुछ बिल्डिंग मटेरियल व्यवसायियों द्वारा अवैध रूप से किए जा रहे व्यवसाय तथा करीब एक दर्जन झुग्गी-झोपड़ियों के होने की पुष्टि हुई, जिन्हें पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से हटाया गया। कार्रवाई के समय आवास समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौके पर उपस्थित रहे। अभियान के दौरान सहायक अभियंता योगेश, अवर अभियंता प्रशांत सहित प्रवर्तन दल की टीम मौजूद रही।