आगरालीक्स…आगरा में शादियों पर कोरोना का साया. लोग आगे के लिए टाल रहे शादियां. मैरिज होम से बुकिंग होने लगी कैंसिल.
इसी माह से शुरू हो रहा सहालग
आगरा में कोरोना का कहर हर आम ओ खास पर पड़ रहा है. इसी माह से शादियों का बड़ा सहालग शुरू हो रहा है. लेकिन कोरोना महामारी के कारण आगरा में नाइट कफ्यू और शादियों में 50 लोगों की ही अनुमति के कारण कई लोगों ने अपनी शादियां पोस्टपोन करना शुरू कर दी हैं. आगरा के दयालबाग में रहने वाले आशीष का कहना है कि हमारे भाई की शादी दो मई को थी. बारात दिल्ली जानी थी लेकिन दिल्ली में लॉकडाउन के कारण हमको ये शादी पोस्टपोन करनी पड़ रही है. अब हम शादी सर्दियों में ही करेंगे. खंदारी में रहने वाली एक व्यक्ति ने बताया कि उनकी बहन की शादी अगले माह यानी मई में फतेहपुर सीकरी से होनी थी. लेकिन कोरोना के कारण दोनों पक्षों ने आपसी रजामंदी से इस शादी को टाल दिया है. अब हम शादी अगले सीजन में ही करेंगे.
इसी तरह सदर के रहने वाले एक व्यक्ति की बारात इसी माह लखनऊ जानी थी लेकिन लखनऊ में कोरोना महामारी के बढ़ते प्रसार के कारण शादी को टालना पड़ गया है.
मैरिज होम संचालक भी परेशान, बुकिंग हो रही कैंसिल
इधर कोरोना के बढ़ते प्रभाव के कारण मैरिज होम संचालक भी काफी परेशान हैं. कई बुकिंग कैंसिल हो चुकी हैं. आगरा के एक मैरिज होम संचालक का कहना है कि शादी में गिने चुने लोगों की अनुमति के कारण कई लोगों ने अपनी बुकिंग कैंसिल कराना शुरू कर दी है. उनका कहना है कि हमारे मैरिज होम में लगातार लोगों द्वारा बुकिंग कराई जा रही थी लेकिन पिछले 15 दिन से जब से कोरोना का प्रभाव दोबारा बढ़ा है बुकिंग आना ही कैंसिल हो गई है. उनका कहना है कि अभी तक हमारे पास अप्रैल और मई माह की कुछ तारीखों की बुकिंग थी लेकिन जुलाई में भी सहालग है और उसकी बुकिंग नहीं आ रही है.