आगरालीक्स ..आगरा के शाहान अली मोहसिन (12 वर्ष) ने रविवार को एक और कीर्तिमान स्थापित किया। अब उन्होंने कोल्हापुर (महाराष्ट्र) में आयोजित जेके टायर नेशनल रोटैक्स मैक्स कार्टिंग चैंपियनशिप-2016 का खिताब अपने नाम किया। शाहान ने दूसरी बार यह चैंपियनशिप जीती है। वर्ष 2015 में भी वह चैंपियन रहे थे।
शाहान अली मोहसिन ने सर्वाधिक 434 अंक प्राप्त किए। रुहान अल्वा 409 अंक लेकर दूसरे और अर्जुन नायर 409 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। पांचवें राउंड में शाहान ने शानदार प्रदर्शन किया। शाहान के पिता शाहरू मोहसिन ने बताया कि क्वालिफाइंग राउंड से लेकर हीट-वन, हीट-टू और प्री-फाइनल में पहले स्थान पर रहे। फाइनल राउंड में वह दूसरे स्थान पर आ गए। पांच राउंड के प्रदर्शन के आधार पर शाहान को चैंपियनशिप का खिताब दिया गया।
गत वर्ष शाहान 435 अंक लेकर चैंपियन बने थे। इसी माह चार सितंबर को मलेशिया में हुए एशियन कार्टिंग चैंपियनशिप में माइक्रामैक्स कैटेगरी में चैंपियन बने। एशियन कार्टिंग के किसी भी वर्ग में पहला स्थान पाने वाले वह देश के पहले कार्टर हैं।
शाहान की उपलब्धियां
– चार साल की उम्र से लगा शौक, अखबार की कटिंग काटकर रखना शुरू किया।
– 2011 में नोएडा में फार्मूला वन लाइव देखा और इसमें कदम रखने की ठानी।
– जून 2012 में हैदराबाद में शौकिया तौर पर फोर स्ट्रोक कार चलाई।
– 2013 में जेके टायर के रुकी कप के दोनों राउंड और चैंपियनशिप में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
– 2014 में जेके टायर राष्ट्रीय रोटैक्स मैक्स कार्टिंग चैंपियनशिप में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
– 2015 में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पहले स्थान पर रहे। इसी वर्ष एशिया में नंबर वन रहे।
Leave a comment