आगरालीक्स ..आगरा के कारोबारी की पत्नी और दो बेटियां केरला एक्सप्रेस से गायब हो गई हैं, कारोबारी की पत्नी अपनी दोनों बेटियों के साथ ग्वालियर से आगरा के लिए लौट रहीं थी, उनका कोई पता नहीं है। उनकी तलाश में आगरा और ग्वालियर की जीआरपी जुटी हुई है।
आगरा के दयालबाग स्थित राजकमल अपार्टमेंट में मेडिकल उपकरण के कारोबारी जितेंद्र सिंह अपनी पत्नी सपना और दो बेटियां तन्नू पांच साल व किटटू दो साल के साथ रह रहे हैं। जितेंद्र सिंह की ससुराल ग्वालियर में रेलवे कॉलोनी में है। सपना अपनी दोनों बेटियों के साथ ग्वालियर अपने मायके गई थी। वहां से 27 मई को आगरा के लिए निकली, सपना की मां शांति देवी उन्हें छोडने के लिए ग्वालियर रेलवे स्टेशन तक आईं। ग्वालियर से सपना अपनी दोनों बेटियों के साथ केरला एक्सप्रेस में बैठ गर्ईं।
आगरा स्टेशन पर नहीं पहुंची सपा
आगरा के कैंट स्टेशन पर जितेंद्र सिंह अपनी पत्नी सपना और दोनों बेटियों का इंतजार कर रहे थे, केरला एक्सप्रेस का ग्वालियर और आगरा के बीच में स्टॉपेज नहीं है। आगरा में केरला एक्सप्रेस पहुंची लेकिन सपना अपनी बेटियों के साथ स्टेशन पर नहीं उतरी। इससे जितेंद्र परेशान हो गए, उन्होंने ग्वालियर ससुराल में फोन किया तो बताया गया कि सपना और उसकी दोनों बेटियों को केरला एक्सप्रेस से ग्वालियर स्टेशन पर बिठाया था।
स्टेशन के सीसीटीवी खराब
आगरा कैंट स्टेशन पर सपना और दोनों बेटियों के न मिलने के बाद जितेंद्र सिंह ग्वालियर स्टेशन पहुंचे, वहां सीसीटीवी चेक किए गए जिससे पता चल सके कि सपना केरला एक्सप्रेस में बैठी भी थी कि नहीं लेकिन सीसीटीवी खराब थे। इसके बाद जितेंद्र सिंह ने ग्वालियर स्टेशन पर गुमशुदगी दर्ज कराई गई। आगरा और ग्वालियर की जीआरपी सपना और उनकी दोनों बेटियों की तलाश में जुटी है।
टिवीट से मची खलबली
पत्नी और बेटियों के गायब होने पर कारोबारी जितेंद्र सिंह ने रेल मंत्रालय से लेकर जीआरपी मुख्यालय में टवीट किया है। इसके बाद जीआरपी जांच में जुट गई है। इंस्पेक्टर आगरा कैंट अश्वनी कौशिक का कहना है कि कारोबारी की पत्नी और बच्चों की तलाश की जा रही है।
सूचना देने वाले को 51 हजार
कारोबारी जितेंद्र सिंह ने जगह जगह पोस्टर चस्पा कराएं हैं, इसमें उनकी पत्नी और दोनों बेटियों की सूचना देने वाले को 51 हजार रुपये देने के लिए कहा गया है। सूचना फोन नंबर 9917567683, 7500078441 और 9639972003 पर दे सकते हैं।
