आगरालीक्स… आगरा की पूर्व मेयर अंजुला माहौर को 2019 के चुनाव से पहले बडी जिम्मेदारी दी गई है, सपा से भाजपा में वापसी के बाद वे संगठन में जिम्मेदारी और चुनावी दावेदारी को लेकर परेशान थीं।
भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए यूपी की नई टीम की घोषणा की है। इसमें मेयर पद के दावेदार पुरुषोत्तम खंडेलवाल को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। पूर्व मेयर अंजुला माहौर को प्रदेश मंत्री और धर्मवीर प्रजापति को प्रदेश मंत्री बनाया गया है।
2015 में ज्वाइन की भाजपा
पूर्व मेयर और सपा सरकार में बाल श्रम उन्मूलन एवं पुनर्वास समिति की अध्यक्ष रहीं अंजुला माहौर ने फिर से भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। लखनऊ में प्रदेश कार्यालय पर उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने उन्हें सदस्यता दिलाते हुए आशा व्यक्त की कि इससे 2017 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को बल मिलेगा। अंजुला माहौर ने 2012 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर सपा का दामन थाम लिया था।
अंजुला सिंह माहौर के भाजपा में शामिल होने की अटकलें लंबे समय से चल रही थीं। पिछले दिनों हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शिविर में अंजुला ने शिरकत कर इन अटकलों पर मुहर लगा दी। सोमवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिव प्रताप शुक्ला, मंत्री समीर सिंह, प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष ने यह रस्मअदायगी भी कर दी। अंजुला सपा छोड़कर भाजपा में शामिल होने की कोई ठोस वजह नहीं बता रहीं। हालांकि उन्होंने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव को पिता तुल्य बताया। कहा कि मैं उनका अब भी सम्मान करती हूं। बकौल अंजुला, मैने क्रोध में आकर भाजपा का साथ छोड़ा था, मगर ज्यादा दिन तक मैं पार्टी से अलग नहीं रह पाई। मैं विशुद्ध रूप से भाजपाई हूं। बता दें कि अंजुला सपा में शामिल होने से पहले भाजपा के टिकट पर मेयर रही हैं। लगभग सवा तीन साल बाद उनकी वापसी हुई है।