आगरालीक्स ..आगरा के होटल मैनेजमेंट के छात्र की चीन में सडक हादसे में मौत हो गई, उनके शव को भारत लाने के लिए परिजनों ने गुहार लगाई है। विदेश मंत्रालय ने चीन स्थित भारतीय दूतावास में संपर्क किया, वहां से बताया गया है कि एक्सीडेंट से मौत हुई है, पुलिस केस होने के कारण डेड बॉडी के भारत आने में कुछ समय लग सकता है।
आगरा के उखर्रा शमसाबाद रोड निवासी दिनेश उपाध्याय का इकलौता बेटा अमन शशि आनंद जयपुर से होटल मैनेजमेंट कर रहा है। वह 20 मई को टूरिस्ट वीजा पर मकाउ, चीन गया था। उसे नौ जुलाई को चीन से भारत लौटना था, दो जुलाई को परिजनों को जानकारी मिली कि अमन की मौत हो गई है।
विदेश मंत्रालय ने की बात
अमन की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, इकलौटे बेटे की मौत से परिजन सदमे में हैं। ऐसे में अमन की डेड बॉडी जल्द आ सके, इसके लिए उन्होंने सांसद प्रो एसपी सिंह बघेल से संपर्क किया। उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर को जानकारी दी, विदेश मंत्री के निर्देश पर चीन स्थित भारतीय दूतावास में वार्ता कराई गई। वहां बताया गया कि एक्सीडेंट में मौत हुई है, इसलिए बॉडी आने में समय लग रहा है। अमन की डेड बॉडी को भारत भेजने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।