आगरालीक्स… आगरा में 10 हजार रुपये से शुरू हुई रोमसंस कंपनी 700 करोड की है। आगरा के रोमसंस ग्रुप पर डाक्यूमेंट्री की शूटिंग पूरी हो चुकी है। जल्द ही शहर के और भी बिजनेसमैन निर्देशक अजय चिटनिस की डाक्यूमेंट्री में नजर आने वाले हैं।
बिजनेस मैन की सक्सेज और संघर्षो को रुपहले पर्दे पर निर्देशक अजय चिटनिस लेकर आ रहे हैं। लखनऊ और कानपुर के बाद उन्होंने ताजनगरी के रोमसंस ग्रुप ऑफ इंडस्ट्री पर अपनी डाक्यूमेंट्री की शूटिंग पूरी कर ली। सोमवार को नुनिहाई स्थित रोमसंस ग्रुप ऑफिस पर उन्होंने बताया कि उनकी सात आठ लोगों की टीम 12 दिन पहले आगरा आई और रोमसंस ग्रुप के 1952 से लेकर अबतक के संघर्ष को कैमरे में कैद किया। पोस्ट प्रोडक्शन का काम पूरा होने के बाद एक से डेढ़ महीने बाद इसका प्रसारण होगा। इस टीम में अभिनेत्री अदिति गोवित्रिकर भी शामिल हैं। इस सीरीज में वह 55 से ज्यादा एपीसोड बना चुके हैं। करीब दो साल पहले शहर के उद्यमी पूरन डावर पर भी वह डाक्यूमेंट्री बना चुके हैं। रोमसंस ग्रुप के बाद वह आगरा में और उद्यमियों से मुलाकात कर रहे हैं।
10 हजार की लागत से शुरू किया बिजनेस
रोमसंस ग्रुप के सीएमडी किशोर नारायण खन्ना ने बताया कि रोमसंस ग्रुप का सफर साधारण नहीं है। निर्वासन के बाद स्व. रामलाल खन्ना ने अपने दो बेटों के साथ 10 हजार की लागत से अमृतसर में रोमसंस की नींव डाली। कंपनी साइंटिफिक और लेबोरेट्री इंक्विप्मेंट बनाती थी। 1962 में आगरा शिफ्ट हुए। इसके बाद धीरे-धीरे चलते चलते स्थानीय से प्रदेशीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंची। 1980 में देश की पहली स्टेरलाइज्ड प्लांट वाली मेडीकल डिवाइस कंपनी बनी। 1990 में नीदरलैंड के बुलावे पर प्रतिभाग किया और फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंची। आज कंपनी 700 करोड़ की संपत्ति रखती है। इस दौरान कंपनी के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर ललित खन्ना आदि मौजूद रहे।