आगरालीक्स…(1 November 2021 Agra News) आगरा में सबसे ज्यादा इन क्षेत्रों वायु प्रदूषण. रेड जोन में हैं ये इलाके, लगातार खतरनाक स्तर पर है यहां की हवा…
सोमवार सुबह ही हो गई थी शहर की हवा खतरनाक
आगरा की हवा आज सोमवार सुबह बहुत खराब स्थिति में पहुंच गयी। रविवार की रात से पटाखे चलना शुरू हो गया है। आज सुबह इसका असर शहर की हवा में दिखा। सोमवार सुबह साढ़ नौ बजे शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 364 था जो कि इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक था। दीपावली जैसे-जैसे नजदीक आ रही है शहर की हवा जहरीली होती चली जा रही है।
ये इलाके आए रेड जोन में
अब तक शहर के कई इलाके रेड जोन में आ चुके हैं। इनमें प्रमुख रूप से आवास विकास कालोनी, शास्त्रीपुरम, शाहजहां गार्डन, दयालबाग, संजय प्लेस आदि शामिल हैं। आज सोमवार सुबह शहर की आवास विकास कालोनी की हवा सबसे ज्यादा खराब थी। आवास विकास कालोनी (सेक्टर 8) का एयर क्वालिटी इंडेक्स 393 था। एक्यूआई के हिसाब से आवास विकास कालोनी की गुणवत्ता सबसे ज्यादा खराब थी। दूसरे नंबर पर ताजमहल का इलाका था। यहां शाहजहां गार्डन का एक्यूआई 347 था। सरकार ताजमहल को प्रदूषण से बचाने के लिए तमाम उपाय कर रही है लेकिन ताजमहल के आसपास का एक्यूआई लगातार बढ़ने के बावजूद इसके आसपास हवा की गुणवत्ता ठीक बनाने के लिए प्रशासन द्वारा कोई प्रयास नहीं किये जा रहे हैं। यहां स्मार्ट सिटी द्वारा कराई जा खुदाई के कारण धूल उड़कर हवा में घुल रही है जिससे हवा प्रदूषित हो रही है।
शास्त्रीपुरम में 337 एक्यूआई
शास्त्रीपुरम इलाके की हवा भी लगातार खराब बनी हुई है। यहां सुबह एक्यूआई 337 था। वायु प्रदूषण के हिसाब से दयालबाग (314) का नंबर चौथा था। शास्त्रीपुरम और दयालबाग हालांकि खुले इलाके हैं लेकिन यहां धुएं के कारण हवा की गुणवत्ता खराब हो रही है। संजय प्लेस शहर के बीचों बीच है फिर भी यहां की हवा की गुणवत्ता खराब हो रही है। सुबह साढ़े नौ बजे संजय प्लेस का एक्यूआई 247 था।
दीपावली पर केवल ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति
शहर में भले ही फिलहाल पटाखे बेचने और चलाने और बेचने पर प्रतिबंध लगा हो लेकिन चोरी-छिपे पटाखे बिक रहे हैं। रविवार रात से पटाखों के धमाके सुनाई देने लगे। हालांकि शहर में पटाखों की बिक्री पर आज निर्णय होगा। इस बार केवल ग्रीन पटाखे बेचे जा सकेंगे। पटाखे चलाने की अनुमति केवल दीपावली के दिन होगी वह भी केवल केवल दो घंटे के लिए।