आगरालीक्स…अखिलेश यादव और शिवपाल यादव हुए एक. मैनपुरी उपचुनाव में जीत के लिए साथ मंच पर पहुंचे चाचा—भतीजे.
दिवंगत नेताजी मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद से मैनपुरी लोकसभा सीट के उपचुनाव में उनकी पुत्रवधु और पूर्व सीएम अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव चुनावी मैदान में है. इस चुनाव में डिम्पल यादव की जीत के लिए अब पूरा समाजवादी परिवार साथ आ गया है. आज रविवार को जसवंतनगर के एसएस मैमोरियल इंटर कॉलेज में दोनों चाचा—भतीजे साथ—साथ आए. मंच पर पहुंचने पर अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल यादव के पैर छुए तो वहीं शिवपाल यादव ने भी बुके देकर अखिलेश यादव के साथ मंच साझा किया.

इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि अगर जसवंतनगर ने मन बना लिया और करहल साथ चल दिया. मैनपुरी ठीक हो गई, किश्नी के लोग मन बनाए हैं और भोगांव में भी जीतने वाले हैं, तो सोचो परिणाम इस बार क्या होगा. अखिलेश यादव ने कहा कि चाचा-भतीजे में कभी दूरियां नहीं थीं. सिर्फ राजनीतिक दूरियां थीं, वह भी दूर हो गई हैं. उन्होंने कहा कि अब घबराहट तो बीजेपी को हो रही होगी.
वहीं शिवपाल यादव ने कहा कि मैं जब भी यहां आता था और जसवंतनगर के किसी भी कोने में जाता था तो लोग एक ही बात कहते थे कि एक हो जाइए तो ही बीजेपी को मात दे सकते हैं तो आज हम एक हो गए हैं. उन्होंने कहा कि नेताजी ने कभी भी जसवंतनगर के लोगों को दूर का नहीं समझा बल्कि अपने परिवार का सदस्य समझकर ही ज़िंदगी भर यहां के लोगों के बीच में काम किया.