आगरालीक्स…(6 February 2022 Agra News) आगरा में दो जगह अखिलेश यादव. बाह में बोले—यहां अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में बनाएंगे विश्वविद्यालय. खंदौली में कहा—एत्मादपुर में आलू प्रोसेसिंग यूनिट लगाएंगे…
यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर आगरा में दस फरवरी को पहले चरण में मतदान होना है. स्टार प्रचारकों का आगरा में आगमन तेज है. दो दिन पहले आगरा की तीन विधानसभा सीटों के लिए जयंत के साथ प्रचार कर चुके अखिलेश यादव रविवार को फिर से आगरा में दिखाई दिए. आज उन्होंने बाह विधानसभा और एत्मादपुर विधानसभा के प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया और वोट मांगे.

पूर्व प्रधानमंत्री की याद में बनाएंगे विवि
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए बाह में कहा कि भाजपा ने ही पूर्व पीएम और भारत रत्न अटल बिहारी जी को भुला दिया है. लेकिन हम उनकी याद में बाह का विकास कराएंगे. यहां युवाओं का भविष्य सुधारने के लिए अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से विवि बनाया जाएगा. इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बटेश्वर अटल बिहारी वाजपेयी की स्थली है. लेकिन यहां भाजपा ने विकास नहीं कराया. सपा सरकार आने पर बटेश्वर को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का काम किया जाएगा. मंदिरों की श्रृंखला को सपा सरकार ने ही जीर्णेद्धार करने का काम किया था.
एत्मादपुर में लगाएंगे आलू प्रोसेसिंग यूनिट
बाह के बाद अखिलेश यादव ने एत्मादपुर विधानसभा सीट पर प्रत्याशी के लिए खंदौली में जनसभा की. यहां उनहोंने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने पर एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में आलू प्रोसेसिंग यूनिट बनाने का काम किया जाएगा. जिससे कि किसानों को आलू की पूरी कीमत मिल सके. उनहोंने कहा कि 2017 के चुनाव में राजनाथ सिंह ने यहां जनसभा कर आलू प्रोसेसिंग यूनिट लगाने का वादा किया था लेकिन वो वादा ही रह गया. लेकिन हमारी सरकार बनने पर इस पर काम किया जाएगा.