आगरालीक्स…(3 February 2022 Agra News) आगरा आ रहे हैं अखिलेश यादव. शुक्रवार को उनके आने का पूरा कार्यक्रम जारी…यहां—यहां करेंगे प्रचार
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर आगरा में पहले चरण में चुनाव हैं. ऐसे में आगरा में इस समय सभी पार्टियों के स्टार प्रचारकों का आना तेज हो गया है. भाजपा की ओर से अभी तक केंद्रीय मंत्री से लेकर यूपी के सीएम और मंत्री सहित कई बड़े नेता आ चुके हैं तो वहीं बुधवार को बसपा अध्यक्ष मायावती ने भी कोठी मीना बाजार में सभा कर अपने उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे. अब बारी है समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की. शुक्रवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का आगरा में भ्रमण कार्यक्रम है. समाजवादी पार्टी द्वारा उनके आगरा आगमन का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है

ये है पूरा कार्यक्रम
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार सुबह दिल्ली से प्राइवेट वायुयान द्वारा आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर पहुंचेंगे. यहां से 12 बजे वे कार द्वारा ताज कन्वेंशन के लिए रवाना होंगे. दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर प्रेस वार्ता करने के बाद जनसंपर्क के लिए रवाना होंगे. सबसे पहले कुआखेड़ा सलोनी फार्म पर स्वागत होगा इसके बाद लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे होते हुए फतेहाबाद, सिसोदिया कोल्ड स्टोर और फिर बमरोली कटारा पहुंचेंगे. यहां वे फतेहाबाद की सपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगेंगे.
इसके बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव विधानसभा क्षेत्र छावनी, उत्तरी और दक्षिण के प्रत्याशियों के लिए जेपी ग्रीन्स मैदान हिल्टन होटल के सामने आएंगे. इसके बाद प्रतापपुरा चौराहा और फिर इटौरा में इनका स्वागत किया जाएगा. यहां से दक्षिणी बाईपास होते हुए अकोला पहुंचेंगे. जहां वह विधानसभा क्षेत्र आगरा ग्रामीण और खेरागढ़ के लिए प्रचार करेंगे. शुक्रवार को ही सपा अध्यक्ष आगरा में रात्रि विश्राम करेंगे.