आगरालीक्स…प्रयागराज में बोले अखिलेश यादव—गर्मी निकालने वाले पहले चरण के बाद पड़ गए ठंडे तो दूसरे और तीसरे चरण के बाद सुन्न..नौजवान करेंगे भाजपा को साफ…
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चार चरण समाप्त हो चुके हैं. अब पांचवें व छठवें चरण के मतदान के लिए सभी राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारकों ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है. रोड शो, जनसभाएं की जा रही हैं. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को प्रयागराज में समाजवादी पार्टी विजय यात्रा निकाली. उन्होंने भाजपा व योगी आदित्यनाथ पर अपने हमले जारी रखते हुए कहा कि “गर्मी निकालने वाले पहले चरण के मतदान के बाद ठंडे पड़ गए कि नहीं पड़ गए और जब दूसरे तीसरे चरण का वोट पड़ा तब ये सुन्न पड़ गए हैं. प्रयागराज में उमड़ा जनसैलाब दे रहा संदेश, 10 मार्च को बदलाव लेकर यूपी में आ रहे हैं अखिलेश. उन्होंने कहा कि “प्रयागराज के नौजवानों ने सपा का साथ देने और भाजपा को साफ करने का मन बना लिया है.

अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसा चुनाव पहली बार देखने को मिल रहा है कि जनता खुद चुनाव लड़ा रही है। भाजपा नेताओं के घर और गाड़ी से झंडा उतर गया है। हर चरण में समाजवादी पार्टी को भाजपा पर बढ़त मिली है। आज भी जनता समाजवादी गठबंधन प्रत्याशियों को वोट दे रही है। आज गठबंधन दूसरा शतक भी लगा देगा। उन्होंने कहा भाजपा नेता गठबंधन की रैलियों में उमड़ते जनसैलाब को देखकर ठंडे हो गए। अब भाजपा सुन्न के साथ शून्य हो रही है। उनहोंने ने कहा कि भाजपा के जो छोटे नेता है वह छोटा झूठ बोल रहे हैं इनके जो बड़े नेता है वह बड़ा झूठ बोल रहे हैं और जो सबसे बड़े नेता है वह सबसे बड़ा सफेद झूठ बोल रहे हैं। इनके झूठ पकड़े गए। भाजपा के लोगों ने कहा था कि सन् 2022 में किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी। क्या किसान की आय दोगुनी हुई? जब किसान खाद लेने गए तो क्या उन्हें खाद मिली? क्या डीएपी भी मिली? भाजपाई कहते थे कि हवाई चप्पल वाले को हवाई जहाज में बैठाएंगे लेकिन गरीब की गाड़ी का तेल महंगा करके गाड़ी खड़ी करा दी। आज पेट्रोल 100 के पार हो गया। ये दोबारा आ गए सरकार में तो पेट्रोल 200 रुपए का हो जाएगा। जैसे ही भाजपा की सरकार आई बड़े-बड़े उद्योगपति भारत का पैसा लेकर भाग गए। अभी एक और उद्योगपति 28 बैंकों का 22 हजार करोड़ लेकर भाग गया। गरीब अगर पैसा ना दे पाए तो बैंक उसे परेशान करती है लेकिन लगातार लोग पैसा लेकर भाग रहे है। जो पहले भागे थे वो भी कहां के थे, जो अभी भागा वो भी कहां का है?