आगरालीक्स…आगरा में एमजी रोड पर एक गाड़ी से काफी ज्वेलरी सड़क पर गिर गई. सड़क से बीनने के लिए लोगों की लग गई भीड़….अनोखा नजारा
आगरा में गुरुवार दोपहर को एमजी रोड पर अनोखा नजारा देखने को मिला. कलक्ट्रेट पर एक गाड़ी का टायर अचानक फट गया, जिससे गाड़ी डिसबैलेंस होकर एक तरफ झुक गई लेकिन गाड़ी के अंदर से पीले रंग की ज्वेलरी निकलकर सड़क पर बिखर गई. लोगों ने जब ये सब देखा तो वे लोग इस ज्वेलरी को सोने के आभूषण समझे और देखते ही देखते इन आभूषणों को बटोरने के लिए लोगों की भीड़ लग गई.

लोगों ने सड़क पर स्पीड से दौड़ रही कार व अन्य वाहनों पर भी ध्यान नहीं दिया. इधर वाहन चालक भी लोगों की इस भीड़ लगने के मामले को समझ नहीं पा रहे थे. जिसने समझा कि आभूषण सड़क पर बिखर गए हैं तो वो भी अपने वाहन रोककर इन्हें बीनने लगे. इधर जब लोगों को बाद में पता चला कि ये आभूषण नकली हैं तो वो हल्की हंसी के साथ इनको सड़क पर ही फेंककर चले गए.