आगरालीक्स…15 अगस्त से पहले उरी हमले जैसी साजिश. 2 आतंकी ढेर, तीन जवान शहीद. लालसिंह चड्ढा का विरोध जारी. राजू श्रीवास्तव की हालत का अपडेट सहित देश की बड़ी खबरें एक क्लिक पर
15 अगस्त से पहले जम्मू-कश्मीर में राजौरी जिले के परगल में उरी हमले जैसी साजिश नाकाम कर दी गई। यहां कुछ आतंकियों ने बुधवार देर रात आर्मी कैंप में घुसने की कोशिश की। इसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें दो आतंकी मार गिराए। फायरिंग में सेना के तीन जवान सूबेदार राजेंद्र प्रसाद, राइफलमैन मनोज कुमार और राइफलमैन लक्ष्मणन डी मौके पर ही शहीद हो गए। 5 जवान जख्मी भी हुए। रात करीब 9 बजे घायल जवानों में शामिल राइफलमैन निशांत मलिक ने भी दम तोड़ दिया।
बॉलीवुड एक्टर आमिर खान की फिल्म ‘लालसिंह चड्ढा’ की वजह से पंजाब में हिंदू और सिख संगठन आमने-सामने आ गए हैं। हिंदू संगठन जहां हिंदू देवी-देवताओं के अपमान का आरोप लगाकर आमिर खान और उनकी फिल्म का विरोध कर रहे हैं वहीं सिख संगठन बॉलीवुड स्टार के हक में उतर आए। सिख संगठनों का कहना है कि ‘लालसिंह चड्ढा’ फिल्म एक सिख कैरेक्टर पर आधारित है और हिंदुओं को इसका विरोध करने का हक नहीं है। दो प्रमुख समुदायों से जुड़े संगठनों के इस तरह आमने-सामने आ जाने से जालंधर शहर में माहौल तनावपूर्ण हो गया।
देश के नए उपराष्ट्रपति के रूप में जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को शपथ ले ली है, जिसके साथ ही एम वेंकैया नायडू का कार्यकाल समाप्त हो गया। इस मौके पर पीएम मोदी ने पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू की सराहना की है। पीएम मोदी ने अपने पत्र में विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता के लिए पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू की सराहना की है। तीन पन्नों के इस पत्र में उन्होंने वेंकैया नायडू की तुलना आचार्य विनोबा भावे से की है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व सांसद शशि थरूर को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार शेवेलियर डे ला लीजन डी’ऑनर से सम्मानित किए गए हैं। पार्टी के कई नेताओं ने उन्हेंइस प्रतिष्ठित सम्मान पर बधाई दी है। फ्रांसीसी सरकार उन्हें उनके लेखन और भाषणों के लिए सम्मानित करने जा रही है। दिल्ली में फ्रांसीसी राजदूत इमैनुएल लेनिन ने थरूर को पत्र लिखकर इस सम्मान के बारे में जानकारी दी है।
बांदा से फतेहपुर जा रही नाव यमुना नदी में डूब गई। नाव में 35 लोग सवार थे। इसमें 17 लापता बताए जा रहे हैं। जबकि 15 लोग तैरकर बाहर आ गए। अब तक 3 शव बरामद हुए हैं। अंधेरा होने पर तलाशी रोक दी गई है। DIG विपिन कुमार मिश्रा ने बताया, “SDRF की 11 लोगों की टीम मौके पर है। एक एक प्लाटून PAC भी भेजी गई है। सुबह सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।”
गुजरात के जामनगर-खंभालिया हाईवे पर सिक्का पाटिया के पास होटल एलेंटो में गुरुवार को आग लग गई। आग इतनी भयावह है कि कुछ ही देर में यह पूरे होटल में फैल गई है। होटल के अंदर कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। रिलायंस, जीएसएफसी और जामनगर फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। होटल में फंसे सात से आठ लोगों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया है।
फ्री स्कीम्स को लेकर केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच ठनी हुई है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने इसे लेकर केंद्र सरकार पर आरोप लगाए हैं। जिसके बाद केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने फ्री स्कीम्स को लेकर अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल फ्री स्कीम्स पर बहस को गलत मोड़ दे रहे हैं। सीतारमण ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य को कभी नहीं नकारा गया। ये सरकार की प्राथमिकता में हैं।
कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की हालत काफी नाजुक है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक कॉमेडियन को दिल्ली एम्स में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। बता दें कि बुधवार को जिम में वर्कआउट करते वक्त राजू श्रीवास्तव की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। वह बेहोश होकर गिर पड़े थे। जिसके बाद जिम में मौजूद लोग अफरा-तफरी में उन्हें दिल्ली एम्स ले गए। जहां डॉक्टर्स ने हार्ट अटैक की पुष्टि की थी। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एम्स निदेशक के संपर्क में हैं और उन्होंने कॉमेडियन की पत्नी शिखा श्रीवास्तव से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए बात की।