आगरालीक्स(01 August 2021 Agra News)… आगरा में बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा बोले, प्रदेश में दलित और ब्राह्मण विरोधी सरकार चल रही है। राम मंदिर के नाम पर…।
योगी सरकार ब्राह्मणों को डरा रही
खंदारी स्थित आरबीएस कॉलेज के राव कृष्ण आॅडिटोरियम में हुए बसपा के प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित करते हुए सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में दलित और ब्राह्मणों को एकजुट होकर भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ब्राह्मणों को डरा धमकाकर देश से भगाने की कोशिश में जुटी है।
न अदालत, न कानून, सीधे गोली मारकर फैसला
उन्होंने कहा कि बिकरू कांड में सरकार का ब्राह्मण विरोधी चेहरा पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। वहां न कोई अदालत थी, न कोई कानून, सीधे गोली मारकर फैसला किया गया। खुशी दुबे के हाथ की तो मेहंदी भी न छूटी थी कि उसे बेवजह इस मामले में फंसा दिया गया। वह एक साल से जेल में बंद हैं। उस पर 45 बंदी लड़कियों को धमकाने का गंभीर आरोप भी लगा दिया है।
बसपा ने ब्राह्मणों को आगे बढाया
बसपा नेता मिश्रा ने मायावती शासन काल की याद दिलाते हुए कहा कि 2007 से 2012 तक बहनजी ने ब्राह्मणों को आगे बढ़ाने का काम किया। मैं खुद उसका एक प्रमाण हूं। हम भगवान परशुराम के वंशज प्रदेश में 13 प्रतिशत हैं। भाजपा ने बहनजी पर फर्जी मुकदमे लादकर डराने की कोशिश की लेकिन बसपा ने ब्राह्मणों को उनकी हिस्सेदारी के हिसाब से टिकट देने का काम किया।
राम मंदिर के चंदे का हिसाब नहीं दिया
उन्होंने कहा कि बसपा में ब्राह्मणों का पूरा सम्मान है। आज भी पार्टी के बड़े पदों पर ब्राह्मण हैं। बसपा सरकार में ब्राह्मणों से जुड़े सभी धार्मिक स्थलों का जीर्णोंद्धार किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर राम मंदिर के चंदा वसूलने का गंभीर आरोप लगाया। कहा कि अब तक किसी ने भी चंदे का हिसाब सार्वजनिक नहीं किया है। अयोध्या का विकास तो आपको वहीं जाकर पता चलेगा।