आगरालीक्स..(Agra News 26th July)आगरा में चांदी कारोबारी को वाणिज्य कर कार्यालय लाकर 43 लाख रुपये लूटने वाले जीएसटी अधिकारी भगौडे घोषित। फरार आगरा के जीएसटी अधिकारियों के पकड में न आने पर घर की होगी कुर्की।
मथुरा के गोविंद नगर निवासी चांदी कारोबारी प्रदीप अग्रवाल 30 अप्रैल केा बिहार से चांदी के जेवरात बिक्री कर लौट रहे थे, बैग में 43 लाख रुपये रखे हुए थे। लखनऊ एक्सप्रेस वे पर आगरा के फतेहाबाद टोल पर वाणिज्यकर विभाग के अधिकारियों ने उनकी गाडी को रोक लिया, आरोप है कि कारोबारी को जयपुर हाउस स्थित वाणिज्यकर कार्यालय ले गए। वहां वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों ने 43 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया।
जीएसटी अधिकारी हो चुके हैं निलंबित, मुकदमा है दर्ज
इस मामले में विभागीय जांच के बाद 43 लाख रुपये लूटने के आरोपी असिस्टेंट कमिश्नर अजय कुमार और वाणिज्य कर अधिकारी शैलेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया था। इस मामले में 12 मई को मुकदमा दर्ज किया गया, मुकदमे में असिस्टेंट कमिश्नर अजय कुमार और वाणिज्य कर अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिपाही संजीव कुमार औरनिजी चालक दिनेश कुमार नामजद हैं। लूट और भ्रष्टाचार निवारण की धारा लगी हुई है।
कुर्की का आदेश मिला
इस मामले में जांच कर रहे सीओ सदर राजीव कुमार आरोपी सिपाही संजीव कुमार और चालक दिनेश कुमार को अरेस्ट कर जेल भेज चुके हैं। असिस्टेंट कमिश्नर अजय कुमार निवासी इंदिरा नगर लखनऊ और वाणिज्य कर अधिकारी शैलेंद्र कुमार चंदौली के रहने वाले हैं और दोनों फरार हैं। इनके खिलाफ कोर्ट से कुर्की की अधिसूचना (धारा 82) के आदेश जारी हो चुके हैं। मीडिया से पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोमवार को दोनों के घरों पर कुर्की के आदेश के नोटिस चस्पा किए जाएंगे। एक महीने में जीएसटी अधिकारी नहीं पकडे गए तो घरों की कुर्की कर दी जाएगी।