
भाजपा महानगर मंत्री दीपक खरे शुक्रवार सुबह सात बजे एक्टिवा से कमलानगर कर्मयोगी एन्क्लेव के वैभव रेजीडेंसी में अपने प्लाट पर जा रहे थे। कर्मयोगी फव्वारे से निकलते ही, पहले से घात लगाए 8-10 लोगों ने भाजपा नेता को घेरकर रोक लिया। लाठी-डंडों से हमला बोलकर उनको एक्टिवा से नीचे पटक दिया। पिटाई के साथ-साथ हमलावरों ने उनसे बीस हजार रुपये, चेन और मोबाइल भी लूट लिए। उनके चंगुल से छूटकर वो सामने स्थित घर में जान बचाने को भागे तो हमलावरों ने उनके ऊपर दो फायर कर दिए। कॉलोनी में रहने वाले उनके परिचितों ने पुलिस को सूचना देकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। उनके हाथ-पैर में फ्रैक्चर और पीठ में चोट लगी है। भाजपा नेता की ओर से कर्मयोगी एन्क्लेव निवासी भूरी सिंह, सोबरन, राजेंद्र, गब्बर, मुनव्वर, राकेश, रामभरत और कालीचरन के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमला, चौथ वसूली, और डकैती की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सीओ हरीपर्वत अशोक कुमार सिंह ने बताया कि नामजद आरोपियों में से भूरी सिंह और कालीचरन को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। उधर, भाजपा के तमाम नेताओं ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
भाजपा नेता का आरोप है कि नामजद उनके प्लाट पर नजर गड़ाए हैं। पिछले दिनों वन विभाग से अनुमति के बाद उन्होंने प्लाट से पीपल का पेड़ कटवाया था, तब भी इन सभी ने विवाद किया था। अब आरोपी प्लाट पर निर्माण कराने से पहले पांच लाख रुपये चौथ मांग रहे थे। न देने पर वे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। शुक्रवार को उन्होंने घटना को अंजाम दे डाला।
Leave a comment