आगरालीक्स…(20 July 2021 Firozabad News) शादी की थी पूरी तैयारी, घर में आ चुके थे मेहमान. तभी आया दूल्हे पक्ष का कॉल—नहीं ला रहे बारात. पढ़ें क्या है पूरा मामला
आगरा मंडल के फिरोजाबाद में शादी वाले दिन ऐन मौके पर दूल्हा पक्ष ने बारात लाने से इनकार कर दिया. आरोप है कि दहेज में बुलेट नहीं मिलने पर शादी करने से इनकार कर दिया गया. इस संबंध में दुल्हन पक्ष ने दूल्हा व उसके परिजनेां के खिलाफ थाना नारखी में मुकदमा दर्ज कराया है.
मामला थाना नारखी थाना क्षेत्र के एक गांव का है. यहां रहने वाली एक युवती की शादी हाथरस के थाना लाडपुर के गांव मझोला में रहनेवाले राहुल पुत्र प्रेमपाल सिंह के साथ तय हुई थी. राहुल एक प्राथमिक विद्यालय में टीचर है. शादी की सारी बातचीत हो चुकी थी. लड़की पक्ष ने शादी की पूरी तैयारी कर ली. घर में मेहमान भी आ गए. हर तरफ खुशी का माहौल था. आरोप है कि इसी बीच वर पक्ष ने लड़की के पिता से तीन लाख रुपये और बुलेट की डिमांड रख दी. लड़की पक्ष ने मांग पूरी करने में असमर्थता दिखाई. इसको लेकर दो दिनों तक पंचायत भी होती रही. सोमवार को दूल्हा पक्ष के लोगों ने बारात लाने से साफ इनकार कर दिया. बताया जाता है कि युवती के पिता ने कई बार दूल्हा पक्ष से मिन्नतें भी कीं लेकिन दूल्हा और उसके घरवाले बिल्कुल भी मानने को तैयार नहीं हुए. मंगलवार को युवती के पिता ने थाना नारखी पुलिस में दूल्हा राहुल, उसके पिता और शादी कराने वाले बिचौलिए के खिलाफ तहरीर दी है. थानाध्यक्ष का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. इन सभी की पकड़ने के लिए तलाश की जा रही है.