आगरालीक्स….भारत बंद का नहीं दिखा असर, खुले रहे बाजार. प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने नेता किए नजरबंद.
दुकानदारों ने नहीं किया समर्थन
किसानों के आज बुलाए गए भारत बंद का ताजनगरी में कोई खासा असर देखने को नहीं मिला. शहर के लगभग हर बाजार खुले रहे. दुकानदारों ने भारत बंद को लेकर किसी भी तरह का कोई समर्थन नहीं किया. इसके अलावा देहात क्षेत्रों में भी बाजार खुले रहे. शहर की मंडी भी खुली रही. यहां पर रोज की तरह लोग आते—जाते दिखाई दिए.

देहात में कुछ जगह प्रदर्शन
किसान आंदोलन को लेकर देहात के कुछ इलाकों में ही प्रदर्शन रहा. अछनेरा में किसानों ने रास्ता रोककर प्रदर्शन किया. हालांकि बाजार खुले रहे और लोगों को भी किसी तरह की कोई खासी परेशानी का सामना नहीं करना पडा.

पुलिस रही अलर्ट, नेता किए नजरबंद
किसानों का भारत बंद आज सुबह से चालू हो गया. सोमवार को केंद्र की एडवाइजरी जारी होने के बाद से ही प्रदेश सरकार ने सभी जिलों के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को अलर्ट रहने के आदेश दिए हैं. सीएम योगी आदित्यनाथ का कहना है कि बंद के चलते लोगों को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए. ऐसे में आगरा में पुलिस व प्रशासन सुबह से ही अलर्ट मोड पर हैं. चौराहों पर पुलिसबल तैनात किया गया है. हर आने—जाने वाले पर नजर रखी जा रही है.
रेलवे स्टेशनों पर भी पुलिस बल तैनात रहा. इससे पहले राजनीतिक दलों के जो लोग प्रदर्शन करने जा रहे थे पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक दिया और नजरबंद कर दिया. यही नहीं जो लोग फिर भी प्रदर्शन को जा रहे थे पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.