आगरालीक्स…आगरा में बड़ा हादसा. सवारियों को लेकर आ रही बस सड़क किनारे खाई में गिरी. 30 यात्री घायल….देर से पहुंची पुलिस तो आक्रोशित ग्रामीणों ने पलटी जीप
आगरा में शनिवार शाम को बड़ा हादसा घटित हो गया. जलेसर से करीब 40 यात्रियों को लेकर आगरा आ रही एक बस जमालनगर भैंस के पास अनियंत्रित होकर 12 फीट नीचे गहरी खाई में गिर गई. पास में ही खेतों में काम कर रहे लोगों ने मौके पर पहुंचकर बसों के शीशे तोड़कर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला. हादसे में करीब 30 यात्री घायल हुए हैं. सभी को अस्पताल में भर्ती कराया है. लोगों ने यहां पुलिस के काफी देर से पहुंचने पर हंगामा भी किया. आरोप है कि पुलिस घटना के करीब 45 मिनट बाद देर से पहुंची.

बस में सवार थे करीब 40 यात्री
बताया जाता है कि जलेसर से एक प्राइवेट बस करीब 40 यात्रियों को लेकर आगरा के लिए निकली थीं. बस ने जमालनगर भैंस में रेलवे का पुल जैसे ही पार किया उसके बाद चालक से बस अनियंत्रित हो गई जिसके कारण बस करीब 12 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी. बस के गिरने के बाद उसमें फंसे लोगों में चीखपुकार मच गई. ऐसे में पास के ही खेतों में आलू खोदाई में लगे मजदूर तुरंत बस की ओर पहुंचे और बस के अंदर फंसे लोगों को निकालना शुरू किया. उन्होंने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला. करीब एक घंटे तक लोग सभी को बाहर निकाल सके. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल यात्रियों को जमालनगर भैंस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और कुछ को आंवलखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया. इनमें से कई यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है.

पुलिस के प्रति आक्रोश
बताया जाता है कि घटनास्थल पर पुलिस करीब 45 मिनट बाद पहुंची इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. उन्होंने नारेबाजी करते हुए पुलिस की गाड़ी को पलट दिया. कुछ पुलिसकर्मियों ने आक्रोशित लोगों को रोकने की कोशिश की लेकिन किसी की भी नहीं चली. सूचना पर सांसद एसपी सिंह बघेल भी मौके पर पहुंच गए. उनहोंने घायलों का हालचाल जाना है.