आगरालीक्स…अब अंतिम संस्कार पर भी संकट. ताजगंज का विद्युत शवदाहगृह हुआ बंद…24 घंटे के अंदर विद्युत शवदाह गृह की दो और भट्टियां हुई खराब. ….
बुधवार सुबह 11 बजे हुईं खराब
ताजगंज स्थित विद्युत शवदाह गृह बुधवार सुबह 11 बजे से बंद हो गया है. इसका कारण यहां की चारों भट्टियों का खराब होना है. इसके कारण यहां अंतिम संस्कार पर संकट छा गया है. लगातार अंतिम संस्कार होने के कारण एक भट्टी जहां रविवार की शाम को खराब हो गई थी तो वहीं दूसरी भट्टी मंगलवार को खराब हो गई थी. बची हुई दो भट्टियों पर अंतिम संस्कार किए जा रहे थे लेकिन 24 घंटे के अंदर बुधवार सुबह 11 बजे अचानक बची हुई दोनों भट्टियां भी खराब हो गईं. ऐसे में विद्युत शवदाह गृह पर अंतिम संस्कार फिलहाल बंद हो गया है. इसे ठीक होने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है.
लकड़ी वाले मोक्षधाम पर बढ़ा दबाव
विद्युत शवदाहगृह बंद हो जाने के कारण अब ताजगंज श्मशानघाट पर पहुंचने वाले शवों का अंतिम संस्कार अब मोक्षधाम पर किए जा रहे हैं. इसके कारण अब लकड़ी वाले ताजगंज मोक्षधाम पर दबाव बढ़ गया है. समस्या ये है कि अब यहां पर अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी-उपलों आदि की पूरी व्यवस्था करनी होगी. ये किसी एक व्यक्ति के वश की बात नहीं होगी. विद्युत शवदाहगृह पर कर्मचारियों द्वारा मदद कर दी जाती थी और अंतिम संस्कार कर दिया जाता था लेकिन अब मोक्षधाम पर ही अंतिम संस्कार होने से समस्या उत्पन्न हो रही है.
लगातार हो रहे थे अंतिम संस्कार
श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी द्वारा संचालित विद्युत शवदाह गृह पर महामारी के इस दौर में इस समय लगातार अंतिम संस्कार किए जा रहे थे. कई कोविड पेशेंट की मौत के बाद उनका यहीं अंतिम संस्कार किया जा रहा था. इसके अलावा शहर के अन्य श्मशानघाट पर भी बड़ी संख्या में शवों का पहुंचना जारी है.