नईदिल्लीलीक्स(23rd September 2021)…मेडिकल प्रवेश परीक्षा में बड़ा घोटाला, 50 लाख लेकर कराया पास.
नीट में घोटाले का पर्दाफाश
मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट में बड़े घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। यह परीक्षा पास कराने के लिए 50 लाख रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से भुगतान किया गया। यह जानकारी सीबीआई सूत्रों ने दी है। सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र में एक कोचिंग सेंटर आर के एजूकेशन कॅरियर गाइडेंस के निदेशक परिमल कोटपल्लीवार और कई छात्रों पर घोटाले में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं। यह घोटाला फर्जी परीक्षार्थियों के जरिये किया गया।

सीबीआई ने दर्ज कराई एफआईआर
नीट परीक्षा में असफल होने पर कई छात्रों द्वारा खुदकुशी की घटनाएं सामने आई हैं, जिन्हें लेकर हंगामा चल रहा है। सीबीआई द्वारा इस संबंध में दर्ज कराई गई एफआईआर में कहा गया है कि जानकारी से पता चला कि परिमल कोटपल्लीवार ने इच्छुक परीक्षार्थियों को धोखाधड़ी और अनुचित तरीके अपनाकर शीर्ष सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश की पेशकश की थी। प्रॉक्सी परीक्षार्थियों का उपयोग करके नीट द्वारा आयोजित की जा रही परीक्षा प्रक्रिया में हेरफेर करके मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश दिलाया।
पोस्टडेटेड चेक लिए
इस मामले की जांच में पता लगा है कि इच्छुक अभ्यर्थियों के माता—पिता से 50 लाख रुपये धनराशि के पोस्ट डेटेड चेक और आॅरिजनल माक्र्सशीट जमानत के रूप में जमा कराई गई।