बिहार विधानसभा चुनावों के पहले चरण में अब दस दिन ही शेष हैं। इस दौरान राज्य में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। सभी पार्टियों और गठबंधनों की मतदाताओँ को रिझाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। राजग के खिलाफ मुख्य मोर्चा महागठबंधन ही होगा। लालू की पार्टी राजद, कांग्रेस और वामपंथी दलों के महागठबंधन ने आज अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है।
महागठबंधन की ओर से कांग्रेस के नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि ये चुनाव नई दशा बनाम दुर्दशा का चुनाव है। ये चुनाव नया रास्ता और नया आसमान बनाम हिन्दू और मुसलमान का चुनाव है। ये चुनाव नये तेज बनाम फेल तजुर्बे की दुहाई का चुनाव है, ये चुनाव खुद्दारी और तरक्की बनाम बंटवारा और नफरत का चुनाव है। उन्होंने कहा कि अगर हम तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सरकार बनाते हैं तो तीनों कृषि विरोधी कानूनों को समाप्त करने के लिए पहले विधानसभा सत्र में एक विधेयक पारित करेंगे।
मैं तो मोदी का हुनमानः चिराग
मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है प्रतिद्वंद्वी दलों में घमासान तेज होता जा रहा है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावेडकर के बयान पर चिराग पासवान ने भाजपा को घेरा है। प्रकाश जावेडकर द्वारा चिराग को वोटकटवा कहे जाने पर पलटवार करते चिराग पासवान ने कहा कि हम वोटकटवा हैं तो 2014 से हमारी पार्टी को भाजपने अपने साथ क्यों रखा है। उहोंने कहा कि नितीश कुमार दबाव में भाजपा ऐसे बयान दे रही है। उहोंने खुद को मोदी का हनुमान बताया।
रावण की सभा में उमड़ी भीड़
कैमूर जिले के भभुआ में आयोजित जनसभा में जन अधिकार राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष पप्पू यादव और भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर उर्फ रावण की मौजूदगी में हजारों की भीड़ उमड़ी। पप्पू यादव ने कहा कि यदि बिहार में हमारी सरकार बनती है तो व्यापारियों को किसी तरह का टैक्स नहीं देना होगा।
टिकट नहीं मिला तो मंच पर रोई
नरकटिया गंज विधानसभा सीट से टिकट न मिलने पर भाजपा की महिला नेता मंच पर ही फूट-फूट कर रोने लगी। उन्होंने आरोप लगाया क्योंकि वह दबे-कुचले वर्ग से है इसलिए उनका टिकट काटा गया है। रेणु देवी नामक यह महिला नेता अब निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरेगी।
मोदी की एक दर्जन सभाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 23 अक्टूबर से बिहार चुनाव मैदान में ताबड़तोड़ एक दर्जन से ज्यादा रैलियां करेंगे।