आगरालीक्स …आगरा में बाइकर्स गैंग ने सिपाहियों पर तमंचा ताना और मोबाइल लूट लिया। सिपाहियों ने पीछा किया तो बाइक सवार लुटेरे स्टंट करते हुए भाग गए।
सादाबाद के नगला चांद निवासी सिपाही सुनील कुमार और सूरजपाल ताज सुरक्षा में तैनात हैं। रविवार शाम साढ़े सात बजे दोनों बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। वे बिना सादा कपडों में थे। टेढ़ी बगिया ईट मंडी के पास बाइक पर पीछे बैठे सुनील मोबाइल से बात कर रहे थे। तभी पीछे से अपाचे बाइक सवार दो लुटेरे उनकी बराबर में आ गए। पीछे बैठे लुटेरे ने सुनील के हाथ से मोबाइल छीनने की कोशिश की तो उन्होंने उसका हाथ पकड़ लिया। इतने में लुटेरे ने दूसरे हाथ में लगा तमंचा उन पर तान दिया और गोली मारने की धमकी दी। ऐसे में सुनील ने मोबाइल छोड़ दिया। मोबाइल लूटकर भागते लुटेरों का सिपाहियों ने पीछा किया। पीछे बैठा लुटेरा स्टंट करते हुए चलती बाइक पर आगे शिफ्ट हो गया और बाइक चलाने वाला पीछे बैठ गया। इसके बाद तेज रफ्तार में वह बाइक को टेढ़ी बगिया की ओर ले गया, सिपाही देखते रह गए। सुनील ने रात में ही पुलिस को सूचना दे दी। इंस्पेक्टर एत्माद्दौला नरेंद्र कुमार का मीडिया से कहना है कि लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है। लुटेरों की तलाश की जा रही है।
Leave a comment