आगरालीक्स… बर्ड फ्लू को लेकर हाई अलर्ट में चल रहे आगरा में विशेष सजगता बरती जा रही है। डीएम ने विकास भवन में जिलास्तर की टॉस्क फोर्स की बैठक बुलाई है। वन विभाग द्वारा आगरा, मैनपुरी, जलेसर के पक्षी विहार में पेट्रोलिंग की जा रही है। पशुपालन विभाग की टीमों द्वारा नमूने लिए जाना जारी है। कमिश्नरी क्षेत्र में आज एक कबूतर मरने की सूचना पर टीम रवाना हो गई।
विकास भवन में होगी बैठक
मुख्य विकास अधिकारी जे. रीभा ने आगरालीक्स को बताया कि प्रदेश के कानपुर में मिले बर्ड फ्लू के मामले के बाद आगरा में विशेष सजगता बरती जा रही है। आगरा की सीमा में पक्षियों के लाने-ले जाने पर रोक लगा दी गई है। हालांकि अभी कोई केस नहीं मिला है। नियमित रूप से नमूने लिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बर्ड फ्लू को देखते हुए कल (बुधवार) को विकास भवन पर डीएम द्वारा टास्क फोर्स की बैठक बुलाई गई है, जिसमें नगर निगम, पुलिस, प्रशासनिक, पंचायत, पशुपालन, वन विभाग आदि के अधिकारी भाग लेंगे।
कबूतर मरने की सूचना पर पहुंची टीम
मुख्य पशुचिक्साधिकारी डा.वीएस तोमर ने बताया कि टीमों द्वारा निरंतर नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं, आज कमिश्वरी क्षेत्र में एक कबूतर मरने की सूचना मिली है, जिसके बाद पशुचिकित्सकों की टीम को भेजा गया है। मृत कबूतर के नमूने भी लिए जाएंगे। उन्होंने बर्ड फ्लू के मद्देनजर टास्क फोर्स की मीटिंग बुलाए जाने के संदर्भ में भी जानकारी दी।
नमूने लेना और निरीक्षण जारी
पशु चिकित्सा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र डा. योगेश शर्मा ने बताया कि आज एसएन मेडिकल कालेज स्थित दरगाह के पास कबूतर आदि पक्षियों को चेक किया गया। नमूने लेना भी जारी है। पशु चिकित्साधिकारी डा. विकास यादव ने बताया कि नमूने लेने का क्रम लगातार जारी है। आज भी कई स्थानों से नमूने लिए गए हैं।
पक्षी संरक्षण केंद्रो पर पेट्रोलिंग
डीएफओ दिवाकर श्रीवास्तव ने बताया कि सूर सरोवर पक्षी संरक्षण केंद्र (कीठम झील), पटना पक्षी विहार जलेसर एटा, मैनपुरी पक्षी विहार में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। किसी भी स्थान से किसी भी पक्षी के मरने अथवा असमान्य व्यवहार देखने को नहीं मिला है।