आगरालीक्स…भाजपा सरकार के तीसरे मंत्री ने भी दिया इस्तीफा. अखिलेश यादव से जाकर मिले डॉ. धर्म सिंह सैनी. कहा—दो मंत्री और कई विधायक भी लाइन में…
डॉ. धर्म सिंह सैनी ने भी दिया इस्तीफा
यूपी चुनाव से पहले भाजपा को करारे झटके मिल रहे हैं. स्वामी प्रसाद मौर्य और दारा सिंह चौहान के बाद भाजपा सरकार के तीसरे मंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. इसके बाद वे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से जाकर मिले. उनका भी सपा में जाना तय माना जा रहा है. अखिलेश यादव ने डॉ. धर्म सिंह सैनी से मुलाकात का फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि ”‘सामाजिक न्याय’ के एक और योद्धा डॉ. धर्म सिंह सैनी जी के आने से, सबका मेल-मिलाप-मिलन करानेवाली हमारी ‘सकारात्मक और प्रगतिशील राजनीति’ को और भी उत्साह व बल मिला है। सपा में उनका ससम्मान हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन!”
इधर डॉ. सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार के दो और मंत्री इस्तीफा देने वाले हैं और उनके साथ कई विधायक भी भाजपा का साथ छोड़ रहे हैं. इससे पहले लखीमपुर खीरी की धैरहरा विधानसभा सीट से पांच बार के विधायक ओर भाजपा नेता बाला प्रसाद अवस्थी ने भी इस्तीफा दे दिया है और वे सपा कार्यलय पहुंचे. वहीं विनय शाक्य ने भी इस्तीफा देकर सपा कार्यालय की ओर रुख किया है. इधर लगातार मिल रहे झटको से भाजपा भी परेशान है. हालांकि भाजपा समर्थकों और पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि इससे कुछ परेशान वाली बात नहीं है. प्रदेश की योगी सरकार एक बार फिर से प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने वाली है.