आगरालीक्स…(13 January 2022 News) अयोध्या से ही चुनाव लड़ेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ. दो दिन चली बैठक् के बाद निर्णय…172 सीटों के लिए प्रत्याशियों पर भी हो चुका है विचार…
दो दिन चली बैठक के बाद हुआ निर्णय, औपचारिक घोषणा बाकी
भाजपा नेतृत्व ने तय कर लिया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में दो दिन चली मैराथन बैठक में इस पर सहमति बन चुकी है। अब केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद औपचारिक घोषणा होना बाकी है। भाजपा ने संघर्षपूर्ण नजर आ रहे इस चुनाव में निर्माणाधीन राम मंदिर और योगी के सहारे हिदुत्व का रंग गाढ़ा कर प्रदेशभर में भगवा लहर चलाने की तैयारी कर ली है। वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी के सिराथू विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी तय करने के लिए भाजपा प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व की बैठक दो दिन से दिल्ली में चल रही है। पार्टी के रणनीतिकार कहे जाने वाले गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष और प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने एक-एक सीट और दावेदारों के नाम पर चर्चा की। संभावना है कि गुरुवार यानी आज को प्रस्तावित केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में इस निर्णय पर अंतिम मुहर लगने के बाद योगी की सीट सहित अन्य प्रत्याशियों की घोषणा पार्टी की ओर से की जाएगी।

172 सीटों के लिए भी हो सकता है ऐलान
दिल्ली में चली बैठक के बाद 172 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों का भी ऐलान किया जा सकता है. सूत्रों के अनुसार सब कुछ फाइनल हो गया है. आने वाले एक या दो दिन में इन प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जा सकते हैं.