आगरालीक्स ….आगरा में एक भाजपा विधायक के गनरों ने बीच चौराहे युवकों की जमकर धुनाई की, इसका वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस जांच में जुटी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आगरा में बाह से भाजपा विधायक पक्षालिका सिंह के निवास से अरविंद अपनी बाइक से दवाई लेने गए थे, इसी दौरान दयालबाग निवासी चंद्रेश मिश्रा और उसका साथी स्कूटर से वहां से जा रहे थे, बाइक और स्कूटर भिड गए, इसे लेकर विवाद शुरू हो गया। स्कूटर पर दो लोग थे, वे अरविंद पर हावी होने लगे तो उन्होंने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया।
वीडियो हो रहा वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पुलिस वर्दी पहने हुए लोग युवकों को पीट रहे हैं।
एक के हाथ में कारबाइन लगी हुई थी। दो पुलिस कर्मियों ने साथियों के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी। एक सिपाही हेलमेट से प्रहार कर रहा था। जिसे पीट रहा था, भागने का प्रयास कर रहा था। दूसरे युवक को अन्य लोग पीट रहे थे। एक युवक क्लीनिक की तरफ गया। मारपीट करने वाले उसके पीछे भागे। एक महिला ने शोर मचाया। कहा कि अंदर कोई नहीं जाएगा। मारपीट करने वाले अंदर घुसना चाहते थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हरीपर्वत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को अपनी सुपुर्दगी में लिया। उन्हें मेडिकल कराने के लिए भेजा। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार भदावर हाउस से आया था। उसने ही फोन करके पुलिस कर्मियों को बुलाया था। पुलिस कर्मी बाह विधायक पक्षालिका सिंह की सुरक्षा में तैनात हैं। वे चौराहे पर ही मौजूद थे।