आगरालीक्स… आगरा में नगर निगम के करोडों के बजट में अधिकारियों के बंदरबांट को सार्वजनिक करने के बाद भाजपा विधायक जगन प्रसाद गर्ग के तेवर सख्त हो गए हैं, नगर निगम में भ्रष्टाचार समाप्त न होने तक विधायक जगन प्रसाद गर्ग ने मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। उन्होंने नगर आयुक्त अरुण प्रकाश और उनके अधिकारियों द्वारा हर कार्य में लिए जा रहे कमीशन की रेट लिस्ट भी नगर विकास मंत्री को सौंपी है।
आगरा में आगरा उत्तर से विधायक जगन प्रसाद गर्ग के क्षेत्र में नगर निगम द्वारा कराए गए कार्य की शिलापटिटका पर उनका नाम नहीं लिखा गया। इसके बाद विधायक ने नगर निगम के चल रहे कमीशन के खेल की परतें खोल दी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री को पत्र लिखकर हर काम के लिए लिए जा रहे कमीशन का ब्योरा भेजा है, इसके बाद वे खुद लखनऊ गए और नगर विकास मंत्री को ज्ञापन देकर आए हैं।
शिकायत पेटिका पर ताला विधायक और डीएम का लगाए
नगर निगम में कमीशन का खेल खुलने के बाद नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने शिकायत पेटिका लगवा दी है। इसमें कमीशन से संबंधित लिखित शिकायत डाल सकते हैं। विधायक जगन प्रसाद गर्ग का कहना है कि ये लोग बडे खिलाडी हैं, ये शिकायत पेटिका में आने वाली भ्रष्टाचार की शिकायतों को गायब कर देंगे। उन्होंने कहा है कि शिकायत पेटिका पर मेरा और डीएम का ताला लगना चाहिए, जिससे कोई गडबडी न हो सके।
वाटर एटीएम में भी खेल
12 मई 2018 को आगरा में वाटर एटीएम लगने के साथ ही विरोध होने लगा है, नगर निगम परिसर में पीपीपी मॉडल से लगे एटीएम के विरोध में पार्षद उतर आए हैं, आरोप है कि वाटर एटीम के सदन में कोई चर्चा नहीं की, एटीएम के लिए नगर निगम की कीमती जमीन दे दी गई, जिस कंपनी द्वारा वाटर एटीएम लगाया जा रहा है वह रेस्टोरेंट भी चलाएगा, इससे नगर निगम को राजस्व की हानि होगी। इसके बाद मेयर नवीन जैन और नगर आयुक्त अरुण प्रकाश शनिवार को वाटर एटीएम का शुभारंभ करने के लिए नहीं गए।
आगरा में पीने के पानी की समस्या है, इसे देखते हुए पीपीपी मॉडल पर शहर में वाटर वेंडिंग मशीन लगाई जा रही हैं। इसकी शुरूआत नगर निगम से की गई है, नगर निगम परिसर, सूरसदन चौराहा पर वाटर वेंडिंग मशीन लगाई गई है।