आगरालीक्स…..(Agra News 22nd December) आगरा में भाजपा की जनविश्वास यात्रा के पहुंचने से पहले भाजपा नेता नजरबंद, जनविश्वास यात्रा में शामिल होने से रोका।
आगरा में मंगलवार को भाजपा की जनविश्वास यात्रा पहुंची, बुधवार को जनविश्वास यात्रा देहात में भ्रमण कर रही है। जन विश्वास यात्रा को बाह पहुंचना था, इससे पहले ही पूर्व ब्लॉक प्रमुख भाजपा नेता सुग्रीव सिंह चौहान को आगरा के ताजगंज स्थित आवास पर पुलिस ने नजरबंद कर दिया।
पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह और सुग्रीव सिंह चौहान के बीच हुई थी मारपीट
पिछले दिनों विधायक पक्षालिका सिंह के पति पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह पिनाहट में भाजपा की योजनाओं के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए रैली निकाल रहे थे। इस दौरान पूर्व ब्लॉक भाजपा नेता सुग्रीव सिंह चौहान और पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह पक्ष के बीच विवाद के बाद बवाल हो गया था, पत्थर फेंके गए थे। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मुकदमा दर्ज कराया था।
विधायक पक्षालिका सिंह की शिकायत पर किया नजरबंद
भाजपा की जन विश्वास यात्रा बुधवार को बाह पहुंचनी थी, इससे पहले भाजपा विधायक पक्षालिका सिंह ने एसएसपी से शिकायत की, उन्होंने अपनी शिकायत में जन विश्वास यात्रा के दौरान सुग्रीव सिंह चौहान द्वारा बाधा डाली जा सकती है। आरोप है कि उन्होंने जन विश्वास यात्रा के स्वागत के लिए होर्डिंग लगाए थे वे सुग्रीव सिंह चौहान द्वारा फाड़ दिए गए हैं और अपने होर्डिंग लगा दिए हैं।
