आगरालीक्स…. आगरा में भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष के बयान के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं का सोशल मीडिया पर फूट रहा आक्रोश, जानें क्या है मामला।
आगरा की एत्मादपुर विधानसभा सीट पर भाजपा ने सपा छोड़कर पार्टी में शामिल हुए पूर्व विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह को प्रत्याशी बनाया है । डॉ. धर्मपाल सिंह के कार्यालय के उदघाटन में पहुंचे ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने कहा कि इससे पहले भारतीय जनता पार्टी के जो विधायक रहे हैं उनको खुलकर भाजपा के प्रत्याशी डॉ. धर्मपाल सिंह को समर्थन करना चाहिए और जिताने का काम करना चाहिए। जो भी कार्यकर्ता भाजपा के प्रत्याशी को जिताने का काम नहीं करेगा, उसके लिए मैं भी तैयार हूं,रियायत नहीं,उसका काम कर दुंगा। अगर मैं बनाना जानता हूं तो पैंसिल से उसे मिटाना भी जानता हूं। इस बयान के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं का रिएक्शन आने लगा है।

कोई सही बता रहा तो कई का फूटा आक्रोश
भाजपा ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी के बयान को पार्टी कार्यकर्ता सही बता रहे हैं तो कई का आक्रोश भी फूट रहा है। कार्यकर्ताओं ने यहां तक लिख दिया कि कोई ब्रजछेत्र के अध्यक्ष रजनी कांत माहेश्वरी को सद्बुद्धि दे ये भजपा के कार्यकर्ताओं को मिटाने की बात कर रहे है ये भा जपा है
इसलिए हो रहा प्रत्याशियों का विरोध
साल 2017 के चुनाव में आगरा की सभी नौ सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी। 2022 के चुनाव में भाजपा ने एत्मादपुर के विधायक राम प्रताप सिंह चौहान, आगरा ग्रामीण की विधायक हेमलता दिवाकर, फतेहाबाद के विधायक जितेंद्र वर्मा, खेरागढ़ के विधायक महेश गोयल और फतेहपुर सीकरी के विधायक चौधरी उदयभान सिंह की टिकट काट दी। इसके बाद विधायक जितेंंद्र वर्मा ने भाजपा छोड़ दी और सपा ज्वाइन कर ली है। जिन विधायकों को टिकट नहीं मिली वे पार्टी के प्रत्याशियों के लिए प्रचार नहीं कर रहे हैं।