आगरालीक्स आगरा में मां के खाते से पैसे निकालकर बेटा गर्लफ्रेंड की फरमाइश पूरी करता रहा।
जांच में बेटे की भूमिका सामने आने पर मां ने अपनी शिकायत वापस ले ली।
जगदीशपुरा क्षेत्र की रहने वाली महिला के पति की मौत हो चुकी है। वह अपने दो बेटों के साथ रहती है। परचून की दुकान से वह परिवार का खर्च उठाती है। दिसंबर में महिला ने बैंक जाकर अपनी पासबुक में एंट्री कराई। इससे पता चला कि उसके खाते से पेटीएम के माध्यम से 35 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। महिला ने जबकि पेटीएम से किसी को रकम ट्रांसफर नहीं की थी। उसने मामले की शिकायत साइबर सेल में कर दी। साइबर सेल प्रभारी सुल्तान सिंह का कहना है कि पुलिस ने पेटीएम के उस खाते की डिटेल निकलवाई, जिसमें रकम ट्रांसफर की गई थी। यह खाता महिला के बेटे के दोस्त का निकला। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो मामला खुल गया। पेटीएम खाता धारक युवक ने बताया कि महिला का बेटा उसके खाते में रकम ट्रांसफर करता था। इसके बाद उससे कैश ले लेता था। पुलिस ने महिला के बेटे से पूछताछ की तो पूरा मामला खुल गया। महिला का 20 वर्षीय बेटा हाईस्कूल करने के बाद पढ़ाई छोड़ चुका है। उसकी एक गर्लफ्रेंड है। वह मां के खाते से निकाले गए रुपयों को गर्लफ्रेंड की फरमाइश पूरी करने के साथ ही शराब पीने में खर्च कर रहा था। गर्लफ्रेंड को कपड़े और मोबाइल दिलवा दिया था। साइबर सेल की टीम ने जांच के बाद महिला को जानकारी दी। महिला ने ऐसे में अपनी शिकायत वापस ले ली।