अलीगढ़लीक्स… अलीगढ़ में विकास कार्य और जमीन विवाद के मामलों को लेकर चुनाव बहिष्कार भी किया गया।
इगलास के मनोहरपुर में विकास न होने पर बहिष्कार
इगलास विधानसभा की ग्राम पंचायत मनोहरपुर का मजरा नवलपुर मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। करीब 600 लोगों की जनसंख्या वाले इस गांव में विकास नहीं होने पर ग्रामीण चुनाव का बहिष्कार कर रहे हैं। बूथ पर 10:30 बजे तक सिर्फ गांव गंज के 13 वोट पड़े थे। गांव नवलपुर में पहुंचते ही दगरे जैसे हालात है, यहां जलभराव की स्थिति बनी रहती है। गांव में बिजली तो हैं लेकिन स्ट्रीट लाइट नहीं हैं। सभी के यहां शौचालय भी नहीं बने हैं।
कुराना में जमीन विवाद को लेकर बहिष्कार
खैर विधानसभा के कुराना गांव के लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया है। पुराने जमीनी विवाद को लेकर यह बहिष्कार किया गया है। ग्रामीणों की मांग है कि अधिकारी मौके पर आएं और निष्पक्ष जांच करते हुए मामले का निपटारा करें। तभी मतदान बहाल किया जाएगा। इस गांव में 2200 वोटर हैं। कुराना गांव के लोगों का आरोप है कि ग्राम पंचायत की 23 बीघा जमीन है, जिसका गाटा संख्या 447 है। यह जमीन पड़ोस के तहरपुर गांव के लोगों ने कब्जा ली है। सत्ताधारी पार्टी के एक नेता का उनको समर्थन है। इन्हीं आरोपों के चलते ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया।
मतदाता सूची से नाम गायब होने से रोष
अलीगढ़ शहर में मतदाताओँ के नाम सूची से गायब होने पर लोगों में आक्रोश भी रहा।
गोंडा के गांव हीरपुर हुसैनपुर में विकास कार्यों न होने पर बहिष्कार
अलीगढ़ में लोधा के गोंडा के गांव हीरपुर हुसैनपुर के प्राथमिक विद्यालय में दो बूथ में से एक बूथ गोंडा के गांव हीरपुर हुसैनपुर के बूथ पर मतदान नहीं किया गया। यहां 1720 की पोलिंग है लेकिन अभी तक वोट नहीं डाला गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में परिक्रमा मार्ग के अलावा गांव से पींजरी, सोनोंठ, ल्होर्रा व लोधा से जुड़ने वाली एक भी सड़क सही नहीं है और न ही इलाज के लिए सीएचसी अथवा पीएचसी है। चुनाव बहिष्कार की सूचना पर इगलास व कोल एसडीएम पहुंचे मगर ग्रामीणों ने डीएम के पहुंचने का इंतजार किया।