आगरालीक्स…एक ही फंदे पर लटके मिले प्रेमी—प्रेमिका. इसी 14 फरवरी को हुई थी प्रेमिका की शादी. युवक भी था शादीशुदा. दो बच्चे भी
एटा के सकीट थाना क्षेत्र के गांव अंगदपुर में बुधवार सुबह एक पेड़ पर युवक और युवती के शव लटके मिले हैं. दोनों आपस में प्रेमी—प्रेमिका थे और दोनों साड़ी का एक फंदा बनाकर दोनों उसी से लटके मिले. युवती की 13 दिन पहले 14 फरवरी को ही शादी हुई थी तो वहीं युवक भी शादी शुदा था और उसके दो बच्चे भी थे. दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है.
14 फरवरी को हुई थी शादी
युवती की शादी 14 फरवरी को कासगंज के सोरों थानांतर्गत गांव खलीलपुर में हुई थी. 21 फरवरी को उसकी भतीजी की शादी थी जिसमें शामिल होने के लिए बहन और बहनोई दोनों ही यहां आए हुए थे. 25 फरवरी तक सभी यहीं पर थे कि शाम को अचानक बहन और गांव का रहने वाला एक व्यक्ति लापता हो गया. युवती की मां ने उन दोनों के साथ जाते हुए देखा था. काफी खोजने पर जब नहीं मिले तो थाने में आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी गई.
पेड़ पर एक ही फंदे पर लटके मिले दोनों
बुधवार सुबह सूचना मिली कि गांव के करीब डेढ़ किमी दूर एक पेड़ पर दो शव लटके हुए हैं. युवती की साड़ी का फंदा बनाया हुआ था जिसपर दोनों के गले थे. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. गांव के लोगों ने बताया कि जिस युवक ने जान दी है उसकी शादी 10 साल पहले ही हो चुकी थी और उसके एक बेटी और बेटा है. दोनों के बीच काफी साल से प्रेम प्रसंग था. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.