आगरालीक्स…. हर जुबां पर शादी की चर्चा है, दुल्हन बारात लेकर दूल्हे के घर पहुंची, चश्मा लगाए दुल्हन ने एक्टिवा पर पीछे दूल्हे को बिठाया और स्टेज तक ले गई। इसके बाद जो हुआ, वह चर्चा का विषय बना हुआ है।
आगरा रीजन के फिरोजाबाद के गांव एका में हुई शादी हर किसी की जुबान पर है। गांव में इस तरह की शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। इस गांव के रहने वाले राहुल होटल मैनेजमेंट का कोर्स करने के बाद देहरादून में एक होटल में काम कर रहे हैं। परिजनों ने उनकी शादी शाहदरा दिल्ली की रहने वाली काजल से तय हुई। काजल बीएससी कर चुकी हैं। रविवार को राहुल और काजल की शादी हुई।

दुल्हा नहीं दुल्हन बारात लेकर पहुंची
शादी में दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचता है। लेकिन यहां अलग नजारा देखने को मिला। दुल्हन दिल्ली से बस से बारात लेकर गांव में पहुंची। रविवार दोपहर में दुल्हन के बारात लेकर पहुंचते ही दूल्हा पक्ष ने बारातियों का स्वागत सत्कार किया और नाश्ता कराया।
एक्टिवा पर दूल्हे को पीछे बिठाकर स्टेज तक पहुंची दुल्हन
इस अनूठी शादी में दुल्हन बनी काजल वरामाला से पहले तैयार हुई। उन्होंने गांव से एक एक्टिवा मंगाई। वे खुद चश्मा पहनकर एक्टिवा पर बैठी, पीछे दूल्हा बने राहुल को बिठाया। एक्टिवा को जहां बारात ठहरी थी वहां से स्टेज तक लेकर पहुंची। इसके बाद वरमाला हुई।
दुल्हन रह गई, विदा हो गई बारात
इसके बाद शादी की रश्म हुई। फेरे हुए, सुबह विदा का समय आया। दुल्हन अपनी ससुराल में रह गई और दूल्हा पक्ष ने बारात को विदा कर दिया। यह शादी चर्चा का विषय बनी हुई है।