आगरालीक्स… आगरा में इनर रिंग रोड पर ईको स्पोटर्स कार के पलटने से कारोबारी की पत्नी और एसआरएम यूनिवर्सिटी, चेन्नई से बीटेक कर रही बेटी की मौत हो गई। भीषण हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल कारोबारी को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। कारोबारी के डोरमेट, पर्दे के शोरूम, कोल्ड स्टोरेज और फैक्ट्री है।
अलीगढ़ के थाना गांधी पार्क स्थित अचल तालाब क्षेत्र के रहने वाले संदीप मित्तल का ब्रज भूमि कोल्ड स्टोरेज है, साथ ही डोरमेट और पर्दे के कई शोरूम के अलावा फैक्ट्री है। विहिप से जुड़े संदीप की 20 वर्षीय बेटी अपर्णा मित्तल चेन्नई में एसआरएम विश्वविद्यालय से बीटेक कर रही थीं। रविवार रात वह पत्नी चारू मित्तल (42) के साथ उन्हें कैंट रेलवे स्टेशन छोड़ने आ रहे थे।
खंदौली से यमुना एक्सप्रेस वे और इनर रिंग रोड
वे खंदौली से यमुना एक्सप्रेस वे पर चढ़ गए और इनर रिंग रोड से कैंट स्टेशन जा रहे थे। ¨फतेहाबाद रोड पर उनकी तेज रफ्तार में दौड़ रही ईको स्पोर्ट्स कार बीच सड़क पर रखे पत्थर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तेज धमाके के साथ कार का इंजन निकलकर बाहर आ गया। गंभीर रूप से घायल अपर्णा और चारू को पुलिस एसएन इमरजेंसी लेकर आई। यहां दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी होने पर चारू की मुगलरोड कमला नगर निवासी बहन डॉ. सरिता मित्तल और बहनोई डॉ. अनिल मित्तल घटनास्थल पर पहुंचे। घायल संदीप को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ सदर राजेश द्विवेदी ने बताया हादसा कार के पत्थर से टकराने पर हुआ।

लगाए गए हैं पत्थर
इनर रिंग रोड को होटल रमाडा के पास सर्विस रोड से कनेक्ट किया गया है। संदीप को सर्विस रोड पर आना था लेकिन वह गलती से आगे की ओर सड़क के उस हिस्से की ओर बढ़ गए, जो इनर रिंग रोड-2 से जोड़ने के लिए बनाया गया है। फिलहाल इसे पत्थर रखकर रोक दिया गया है। यहां तेज गति से आने वाले वाहन चालक सीधे आगे न बढ़ जाएं, इसके लिए आधा किमी पहले से ही संकेतकों की जरूरत है लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया है।