आगरालीक्स ..आगरा में फ्लैट न देने पर बिल्डर को अरेस्ट कर लिया है, बिल्डर की तबीयत बिगडने पर अस्पताल में भर्ती किया गया है।
रकाबगंज पुलिस ने मीडिया को बताया कि छीपीटोला निवासी प्रथिमेश जैन को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ बालूगंज निवासी वीरेंद्र कुमार ने वर्ष 2011 में उपभोक्ता फोरम में वाद दायर किया था। प्रथिमेश जैन ने बोदला में फ्लैट बनाए थे। वर्ष 2003 में वीरेंद्र कुमार ने एक फ्लैट बुक कराया था। बतौर एडवांस तीन लाख रुपये दिए थे। उनकी रकम फंस गई थी। बिल्डर ने फ्लैट नहीं दिया। रकम वापस मांगने पर धमकी देकर भगा दिया था।
प्रथिमेश जैन को रकाबगंज पुलिस ने घर से पकड़ा। शनिवार की रात वारंटियों के खिलाफ अभियान चलाया गया था। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में अधिकारियों से शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि हर अभियान में आरोपित बच जाता है। पुलिस उसे नहीं पकड़ती। इस मामले में गिरफ्तारी के निर्देश थे। गिरफ्तारी के कुछ देर बाद ही आरोपित के पैरोकार थाने आ गए। पुलिस ने जेल भेजने से पहले बिल्डर को मेडिकल के लिए भेजा। वहां उसने बताया कि तबीयत बिगड़ रही है। डॉक्टर ने भर्ती कराने की सलाह दी। बिल्डर को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।