आगरालीक्स ..(पूरी खबर).. आगरा में शॉपिंग काम्प्लेक्स बनाने के लिए चल रही खुदाई से ढहे मकान से बालिका की मौत में एक अरेस्ट, अधिशासी अभियंता हटाए, बिल्डर और धर्मशाला के ट्रस्टी की तलाश, पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये।

आगरा के टीला माईथान सिटी स्टेशन रोड रोड राय बहादुर विशंभर नाथ धर्मशाला है। ट्रस्ट के अध्यक्ष राजू मेहरा हैं, वे बिल्डर हरेश के साथ मिलकर धर्मशाला में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए बेसमेंट में कमला नगर निवासी ठेकेदार राघवेंद्र उपाध्याय से जेसीबी से खुदाई करवा रहे थे। धर्मशाला रोड पर है, इसके पीछे टीला माईथान है, धर्मशाला से सटे टीला माईथान पर 40 फीट ऊंचाई पर मकान बने हुए हैं।
तीन मकान और मंदिर ढहे
टीला माईथान में मुकेश शर्मा का धर्मशाला से सटा एक मंजिला मकान है। इसमें भूतल पर मुकेश शर्मा और पत्नी मालती रहती हैं। जबकि प्रथम तल पर उनका बेटा विवेक, बहू प्राची छह साल की बेटी वैदेही और चार साल की बेटी रूशाली कके साथ रह रहे थे। मकान में दरार आ गई थी वे मकान को खाली कर रहे थे। गुरुवार सुबह वैदेही और रूशाली भूतल पर मुकेश शर्मा के पास ही सो रही थी। मुकेश शर्मा घर का सामान बाहर निकाल रहे थे, उन्होंने बेटे विवेक से कहा कि रुशाली और वैदेही को बाहर ले आएं, विवेक अंदर गए इसी दौर मकान के पीछे का हिस्सा ढह गया और विवेक व दोनों बेटी 40 फीट नीचे बेसमेंट में मलबे सहित दब गए।
रूशाली की मौत, लगाया जाम
स्थानीय लोगों ने दमकल कर्मियों की मदद से विवेद और वैदेही को निकाल लिया, रूशाली को दो घंटे बाद मलबे से बाहर निकाल पाए। उसे एसएन लेकर पहुंचे लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी। आक्रोशित लोगों ने जाम लगा दिया। कार्रवाई की मांग और मुआवजा दिलाने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
मुकदमा दर्ज, एक अरेस्ट
इस मामले में थाना कोतवाली में ट्रस्टी राजू मेहरा, बिल्डर हरेश पर मुकेश शर्मा की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या 7 सीएलए एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने विवेचना के बाद धर्मशाला में खुदाई कर रहे ठेकेदार कमला नगर निवासी राघवेंद्र उपाध्याय को अरेस्ट कर लिया। जेसीबी और डंपर जब्त कर लिए हैं।
एडीए वीसी ने अधिशासी अभियंता को हटाया
इस मामले में मौके पर पहुंचे एडीए के प्रवर्तन दल के अधिशासी अभियंता अनुराग चौधरी ने 23 जनवरी को जारी किया गया नोटिस किसी अन्य राजू मेहरा को दे दिया। इस मामले में एडीए वीसी चर्चित गौड़ ने अधिशासी अभियंता अनुराग चौधरी का प्रवर्तन से हटा दिया है, दंडात्मक कार्रवाई के लिए प्रमुख सचिव को रिपोर्ट भेजी है।
पीड़ित परिवार को दो लाख, रहने का इंतजाम
सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा घोषणा की गई है कि सिटी स्टेशन थाना कोतवाली क्षेत्र के अंर्तगत मकान ढहने से मृतक बालिका के परिवारीजनों को 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता एवं घायलों को सरकार द्वारा निशुल्क इलाज कराया जा रहा है। हादसे से प्रवाभित हुए सभी परिवारों को सकुशल पास ही धर्मशाला में अस्थाई रूप से विस्थापित कर दिया गया है प्रशासन द्वारा रहने, खाने, पीने तथा अन्य मूलभूत सुविधाये उपलब्ध कराई जा रही हैं।