आगरालीक्स… ( 3 april ) । त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक किए जाएंगे। दोपहर तक कई लोगों द्वारा अपने नामांकन जमा किए गए हैं।
जिला पंचायत सदस्य के नामांकन कलक्ट्रेट में
जिला पंचायत सदस्य 51 पदों के लिए कलक्ट्रेट में नामांकन हो रहे हैं। कलक्ट्रेट में दस-दस वार्डों के हिसाब से पांच नामांकन कक्ष बनाए गए हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए खासी संख्या में लोग मौजूद हैं। दोपहर तक जिलाधिकारी कोर्ट में 15 नामांकन, एडीएम सिटी कोर्ट में 17 नामांकन, सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट में 13 और एसीएम द्वितीय में नौ लोगों द्वारा नामांकन किया गया है।
ब्लॉकों में चल रही नामांकन प्रक्रिया
जिले के 15 ब्लॉकों पर भी नामांकन की प्रक्रिया चल रही है, जिसमें ग्राम प्रधान और सदस्यों के नामांकन के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल करने के लिए काफी समर्थकों के साथ ब्लॉकों पर पहुंचे लेकिन फोर्स ने सिर्फ प्रधान और पांच लोगों को जाने की अनुमति दी। बाकी सदस्यों को बाहर रोक दिया।
पुलिस बल रहा तैनात
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नामांकन के लिए कलक्ट्रेट और ब्लॉकों पर सुरक्षा के लिए खासी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। कोविड-19 के नियमों का पालन करने और मास्क लगा होने पर ही प्रत्याशियों को अंदर जाने दिया गया।
इन जिलों में है आज नामांकन
आगरा, हाथऱस, बरेली, गाजियाबाद, रामपुर, कानपुर नगर, झांसी, मोहबा, प्रयागराज, रायबरेली हरदोई, अयोध्या, श्रावस्ती, संतकबीर नगर, गोरखपुर, जौनपुर और भदोही में आज से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई है।