आगरालीक्स …आगरा रीजन में डेढ साल पहले हाई प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री में सीबीआई ने अमन मणि त्रिपाठी को अपनी पत्नी सारा की हत्या का आरोपी बनाया है। सीबीआई ने आरोप लगाया कि 9 जुलाई 2015 की सुबह गोमतीनगर स्थित आवास से अमनमणि त्रिपाठी अपनी पत्नी सारा को लेकर कार से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। अमन ने योजनाबद्ध तरीके से फिरोजाबाद में अपनी हुंडई आई-10 कार की दुर्घटना कराई ताकि कहा जा सके कि सारा की मौत हादसे में चोटिल होने के कारण हुई। लेकिन पास के एक खेत में सारा की गला दबाकर हत्या की गई और उसके शव को कार में रख दिया गया।
सीबीआई प्रवक्ता आरके गौड़ ने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी से शादी के बाद सारा को आरोपी की ओर से शारीरिक यातना दी जाती थी और उससे क्रूरता की जाती थी। जांच एजेंसी ने अमन के खिलाफ आपराधिक साजिश, हत्या और दहेज प्रताड़ना से जुड़ी आईपीसी की धाराओं के तहत आरोप-पत्र दाखिल किया। प्रवक्ता ने कहा कि अमन ने सोची-समझी योजना के तहत नौ जुलाई 2015 को सारा की हत्या की, ताकि उससे छुटकारा पाया जा सके।
अमन मणि लड रहे चुनाव
उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और हत्या के दोषी अमर मणि त्रिपाठी का बेटा अमन मणि गोरखपुर के नौतनवा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहा है। उन्हें समाजवादी पार्टी से टिकट दिया गया था, लेकिन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनकी टिकट काट दी और मुन्ना सिंह को गोरखपुर नौतनवा से सपा उम्मीदवार घोषित किया है।
Leave a comment